महराजगंज में वृक्षारोपण का मेगा प्लान शुरू, अबकी लगेंगे आम, जामुन, पीपल, बरगद, पाकड़ के भी पेड़।। Raebareli news ।।

 वन विभाग ने बनाया रिकॉर्ड निर्धारित 1 लाख 80 हजार 500 पेड़ो का होगा वृक्षारोपण।

शिवाकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश में वृक्षारोपण के महा अभियान चलाने के निर्देश पर आज महराजगंज में वन विभाग द्वारा निर्धारित 1 लाख 80 हजार 500 पेड़ लगाने का महा अभियान युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।

   आपको बता दें कि, फॉरेस्टर अनुज रंजन और वनरक्षक सत्यनारायन यादव की अगुवाई में आज राघवपुर से वृक्षारोपण का महाअभियान शुरू हो गया। अनुज रंजन ने बताया कि, राघवपुर के अलावा इस बार क्षेत्र के नारायनपुर, इंदौरा, जिहवा, जनई, अतरेहटा कुसुढ़ी सागरपुर, कुबना आदि गांव में तो पेड़ लगाए ही जा रहे हैं, साथ ही इस बार रायबरेली रजबहा की पटरियों और इसके अलावा महराजगंज ड्रेन पर भी वृक्षारोपण किए जा रहे हैं।

   एक बात उन्होंने और भी बताई कि, वृक्षारोपण अभियान में इस बार जंगली बबूल, देसी बबूल, शीशम, नीम आदि ही नहीं बल्कि आम, जामुन जैसे फलदार वृक्ष के अलावा परिंदों के आश्रय और भोजन के लिए बरगद, पीपल, पाकड़, गूलर जैसे पौधों को भी बड़ी संख्या में लगाया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि, इस बार लक्ष्य का शत प्रतिशत हासिल किया जाएगा। वहीं लगाए गए वृक्षों के संरक्षण और संवर्धन की भी पूरी व्यवस्था की जाएगी। 

   उधर नगर पंचायत परिसर में चेयरमैन सरला साहू और उनके पति प्रभात साहू के नेतृत्व में अधिशासी अधिकारी डॉक्टर राजेश कुमार, वरिष्ठ लिपिक रामचंद्र त्यागी, जमुना प्रसाद, राम भारत यादव एवं सभी सभासदों ने नगर पंचायत कार्यालय परिसर के अलावा कान्हा पशु आश्रय स्थल पर भी फलदार वृक्ष लगाए।

  इसके अलावा क्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम पंचायतों में से एक मऊ ग्राम पंचायत में निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह और ग्राम प्रधान भेलई मौर्य, लेखपाल विवेक सिंह चौहान के नेतृत्व में ग्राम समाज की खाली पड़ी चरागाह और गौशाला आदि के आसपास 2400 पेड़ एक ही दिन में लगाए गए, और लोगों ने पेड़ों की रक्षा का संकल्प भी लिया। ब्लॉक क्षेत्र में कई स्थानों पर वृक्षारोपण का अभियान देर शाम तक चलता रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ