शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: योगी सरकार द्वारा कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने तथा दलितों और गरीब की मदद के लिए किए जा रहे व्यापक इंतजामों के बावजूद दबंग अभी भी गरीबों और दलितों पर जुल्म ढा रहे हैं। इसका एक उदाहरण थाना कोतवाली महराजगंज क्षेत्र के गांव बरवलिया में देखने को मिला। जबकि अपनी ही जमीन पर दीवार खड़ी कर रहे दलितों को सपा समर्थक दबंगों ने न केवल सरेआम दीवाल ही दहा दी बल्कि विरोध करने पर दलितों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। मामला कोतवाली की चौखट पर भी पहुंचा लेकिन पुलिस मामले में एफ आई आर दर्ज करने की बजाए जांच कर कार्यवाही करने की लकीर पीट रही है। और तो और मामले की तहरीर दर्ज कराने आए पक्ष को भी पुलिस ने थाने में बैठा लिया है।
आपको बता दें कि, मामले के बारे में गांव निवासी दलित बिरादरी की राजरानी पत्नी हीराराम ने बताया कि, प्रार्थिनी अपनी जमीन पर दीवाल बनाकर छप्पर रखना चाहती थी, दीवाल 2 साल पहले बन चुकी थी, छप्पर रखने की तैयारी थी, ताकि बरसात में जानवरों को सुरक्षित ढंग से बांधा जा सके। किंतु गांव के दबंग रोहित पुत्र राम सागर यादव, कल्लू पुत्र गया प्रसाद यादव, गंगाराम यादव व पप्पू यादव इस बात पर विरोध करने लगे और कहा कि, दीवाल तुम्हारी गलत बनी है, इसे हटा लो। उसके द्वारा मना करने पर चारों दबंगों ने देखते ही देखते की पूरी दीवार ठेल दी। जब उसका नाबालिक लड़का मुकेश (17) विरोध करने गया, तो उसे भी जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए जमकर पीटा। जिससे मुकेश के शरीर पर कई जगह जख्म हो गए। जब बचाने के लिए राजरानी दौड़ी, तो दबंगों ने उसे भी गालियां देते हुए लात घूसों से पीटा और चेतावनी दी कि, कहीं रिपोर्ट किया, तो जान से खत्म कर देंगे। मामले में तहरीर लेकर भुक्तभोगी अपने बड़े लड़के के साथ थाने गई, तो पुलिस ने तहरीर तो ले लिया है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक ना तो प्रथम सूचना दर्ज की गई थी, ना ही किसी दबंग को गिरफ्तार किया गया था। भुक्तभोगी ने मामले को उच्चाधिकारियों तक ले जाने की बात कही है।मामले में जब कोतवाल रेखा सिंह से बात की गई, तो उन्होंने कोई भी बयान देने से मना कर दिया।



0 टिप्पणियाँ