रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: विगत आठ दिन पूर्व सरकारी इंडियामार्का हैंडपंप में पानी भरने को लेकर हुई गाली गलौज व घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने एक युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कलंदरगंज मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला गांव निवासिनी लक्ष्मी पत्नी अनिल कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि, 22 मई 2024 की रात्रि लगभग 8:00 बजे जब वह पानी भर रही थी तभी प्रतिपक्षी नन्हाई पुत्र दुलारे उर्फ नंबरी निवासी ग्राम कलंदरगंज आए और गाली गलौज करने लगे। वह पानी भरकर जैसे ही अपने घर के अंदर पहुंची, तभी प्रतिपक्षी घर के अंदर घुस आया और फिर गाली गलौज करने लगे। मना करने पर लाठी डंडों से मारा पीटा व जान से मारने की ऐलानियां धमकी देते हुए भाग निकले।
मामले में कोतवाली प्रभारी बालेन्दु गौतम का कहना है कि, पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जांच कराई जा रही है।

0 टिप्पणियाँ