रायबरेली: शहर में शुक्रवार को हुई INDIA गठबंधन की संयुक्त जनसभा में सबसे पहले अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- यहां से राहुल गांधी न केवल जीतेंगे। बल्कि यह जीत रिकॉर्ड बनाएगी। इस विशाल जनसैलाब ने रायबरेली की राय बता दी है।
आपको बता दे कि, अखिलेश ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, वो भाषणों में सुन रहे हैं कि, लोग हर जगह अपना झूठा रिश्ता निकाल लेते हैं। देश के बहुत बड़े नेता ऐसा कर रहे हैं। वो कहीं भी जा रहे हैं अपना झूठा रिश्ता निकाल लेते हैं। वो भी जान लें और देख लें कि, राहुल गांधी का यहां रायबरेली से ही सच्चा रिश्ता है। अगर र से रायबरेली है, तो र- से राहुल भी होता है। जो लोग गिनती नहीं समझते हैं वो भी समझ लें कि, एक और एक ग्यारह होता है। अब एक और एक ग्यारह हो गया है। बीजेपी नौ दो ग्यारह हो गई है।
अखिलेश ने कहा कि, चार चरणों के चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी चारों खाने चित्त हो गई है। ये भाजपा का रथ, ये भाजपा के लोग जो घूम रहे हैं। ये लोग उत्तर प्रदेश में फंसे नहीं है, जनता ने इन्हें फंसा दिया है। इनका रथ धंस गया है।
ये बीजेपी वाले वही लोग हैं, जो किसानों पर काले कानून लागू कर रहे थे। हमारे किसानों को खड़े होना पड़ा। लड़ना पड़ा। हजारों शहीद हुए। किसान तभी पीछे हटा, जब सरकार ने काले कानून को वापस ले लिया।
ये किसानों को आय दोगुनी की बात कहने वाले लोग। इनके सभी वायदे झूठे निकले। इनकी सभी बातें झूठी निकलीं। इन्होंने न केवल किसानों को धोखा दिया। बल्कि नौजवानों को भी धोखा दिया है। युवा जब तैयारी कर के पेपर देने गया, तो उसके पेपर लीक करवा दिए। बीजेपी ने जानबूझकर पेपर लीक करवाए, ताकि नौजवानों को नौकरी न देनी पड़ जाए। इन्होंने नौजवानों की नौकरी छीन ली है।
अखिलेश ने आक्रामक अंदाज में कहा कि, 10 सालों में इन लोगों ने हमारे नौजवानों का एक तिहाई जीवन बर्बाद कर दिया। इन्होंने महंगाई कहां से कहां पहुंच दी है। अभी हम अमेठी होकर आए हैं। सिलेंडर वाले सांसद जी के क्षेत्र से, वहां जो जनसैलाब देखा, इससे अमेठी के सांसद सरेंडर हो गए हैं। इन्होंने दाम कहां से कहां पहुंचा दिए।
हमारे नौजवान बाइक खरीदते थे। अब देखिए बाइक के दाम एक लाख से ऊपर हो गए हैं। इन्होंने बिजली महंगी कर दी। अब बिल आता है तो करंट लगता है। बीजेपी वालों ने आप लोगों के साथ धोखा दिया है। ये यूरिया देते हैं, बोलते हैं नैनो यूरिया खरीदने पर ही यूरीया देने की बात करते हैं। नैनो यूरिया बनाने वाले देश छोड़कर जा चुके हैं। भाजपा के लोग घबराए हुए हैं।
दिल्ली वालों ने जब से सुना है कि, इंडिया गठबंधन गरीबों के लिए फैसले ले रहा है। तब से वो आपके प्रत्याशी की खटाखट-खटाखट की नकल करने लगे हैं। वो कह रहे हैं कि, हम लोग विदेश चले जाएंगे। लेकिन हमारे देश की जनता जागरुक है। वो जानती है कि, इन्होंने अपने खासम-खास लोगों की तवज्जो देते हैं। इनके खासम खास खटाखट-खटाखट विदेश भाग गए।
रायबरेली की जनसभा में पूर्व सांसद सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी समेत सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत सपा और कांग्रेस के तमाम नेता व कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी मचं पर मौजूद रहे।



0 टिप्पणियाँ