⭕ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने रायबरेली में आयोजित एक चुनावी कार्यक्रम में शिरकत करते हुए भावुक बयान दिया है।
⭕ सोनिया गांधी ने लोगों से कहा- वो अपना बेटा आप लोगों को सौंप रही हैं।
⭕ राहुल गांधी आपको निराश नहीं करेंगे-सोनिया गांधी।
विस्तार......
रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष व रायबरेली की सांसद सोनिया गांधी ने यहां शहर में एक चुनावी सभा की। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, वह अपना बेटा रायबरेली वासियों को सौंप रही हैं। जैसे रायबरेली वालों ने उन्हें अपना माना, वैसे ही राहुल को अपना मानना। सोनिया ने लोगों से कहा कि, राहुल आपको निराश नहीं करेंगे। इस मौके पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सपा मुखिया अखिलेश यादव भी मौजूद रहे। सोनिया गांधी ने यह भी कहा कि, 20 साल तक एक सांसद के रूप में रायबरेली वालों ने उन्हें सेवा करने का मौका दिया है। यह उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। रायबरेली उनका परिवार है, अमेठी भी उनका घर है। इन दोनों जगहों से न केवल उनके जीवन की कोमल यादें जुड़ी हैं, बल्कि पिछले 100 साल से उनके परिवार की जड़ इस मिट्टी से जुड़ी है।
आपको बता दें कि, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के साथ एक संयुक्त रैली की। इस दौरान सोनिया गांधी ने मंच से लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई नेता शामिल हुए। सोनिया गांधी इससे पहले रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ती रही हैं, लेकिन अब वो राज्यसभा सांसद हो गई है। अब इस सीट से राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं।
रैली को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि, उनके परिवार की जड़ें इस भूमि की मिट्टी से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि, गंगा मां की तरह पवित्र यह रिश्ता अवध और रायबरेली के किसान आंदोलन से शुरू हुआ था। इंदिरा जी के दिल में रायबरेली के लिए एक विशेष स्थान था। उन्होंने इंदिरा जी को बहुत करीब से काम करते देखा है। उन्होंने राहुल और प्रियंका को भी वही शिक्षा दी है, जो इंदिरा जी और रायबरेली के लोगों ने उन्हें को दी थी। उन्होंने कहा कि, कमजोरों की रक्षा करो, न्याय के खिलाफ लड़ो, पवित्र बनो।
सोनिया ने लोगों से कहा कि, तुम्हारे प्यार ने मुझे कभी अकेला महसूस नहीं कराया। मेरे पास जो कुछ भी है वह तुम्हारा है। मैं अपना बेटा तुम्हें सौंप रहा हूं, तुम्हें उसे स्वीकार करना होगा, जैसे तुमने मुझे स्वीकार किया। राहुल आपको निराश नहीं करेंगे।



0 टिप्पणियाँ