Lok Sabha Election: अमेठी में सिलेंडर वाले लोग अब सरेंडर कर रहे हैं-अखिलेश यादव

सार.......

⭕ अमेठी में राहुल-अखिलेश ने भरी हुंकार, भाजपा पर बरसे।

भाजपा के लोगों ने सेना में अग्निवीर लागू किया है। अगर फिर से सत्ता में आ गए तो पुलिस की नौकरी में भी अग्निवीर योजना लागू हो जाएगी।

⭕ पहली बार किसी राजनीतिक पार्टी के नेताओं ने कहा है की इस संविधान को खत्म कर देंगे, नष्ट कर देंगे, फेंक देंगे-राहुल गांधी।

जो भी प्रगति हुई है इस संविधान के बल पर हुई है, यही आपकी प्रगति की नीव है-राहुल गांधी।

रजनीकांत अवस्थी 

अमेठी: कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को अमेठी में संयुक्त रूप से जनसभा को संबोधित करते हुए गठबंधन प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा के लिए वोट मांगे। इस दौरान दोनों नेता भारतीय जनता पार्टी पर जमकर बरसे, और स्मृति ईरानी को भी आड़े हाथों लिया। इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, भाजपा के लोगों ने सेना में अग्निवीर लागू किया है। अगर फिर से सत्ता में आ गए तो पुलिस की नौकरी में भी अग्निवीर योजना लागू हो जाएगी। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि, जब वोट डालने जाना तो बेरोजगारी व महंगाई को ध्यान में रखना। 

    आपको बता दें कि, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, बीजेपी संविधान बदलने की साजिश कर रही है। इंडिया गठबंधन इसे कभी सफल नहीं होने देगा। अमेठी में सिलेंडर वाले लोग अब सरेंडर कर रहे हैं। 13 रुपए किलो की चीनी का ख्वाब दिखाया, मीठी चीनी के लिए कड़वा झूठ बोला गया था। अब एक और एक मिलकर 11 हो रहे हैं, इससे भारतीय जनता पार्टी वाले नौ दो ग्यारह हो रहे हैं। 

    सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि, युवाओं को नौकरी ना देना पड़े, इसके लिए भारतीय जनता पार्टी ने पेपर लीक कर दिया। अखिलेश ने कहा कि, चार चरण में चुनाव हो चुके हैं, भारतीय जनता पार्टी चारों खाने चित हो गई है। इनका रथ फस गया है और धंस गया है। अब निकलने वाला नहीं है। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि, भाजपा के लोग संविधान के तहत मिले लोगों के अधिकारों को छीनना चाहते हैं। जो लोग संविधान बदलने को निकले हैं, उन्हें बदलना है। 

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, संविधान जनता की प्रगति की नीव है, भाजपा के लोग इसे बदलना चाहते हैं: पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, 2024 का चुनाव अलग चुनाव है। पहली बार किसी राजनीतिक पार्टी के नेताओं ने कहा है कि, इस संविधान को खत्म कर देंगे। नष्ट कर देंगे। फेंक देंगे। राहुल ने कहा कि, यह संविधान गांधी जी! अंबेडकर जी! जवाहरलाल नेहरू और हिंदुस्तान के सभी नागरिकों की देन है। संविधान की रक्षा करना है। संविधान को दिखाते हुए उन्होंने कहा कि, हिंदुस्तान में चाहे जमीन का अधिकार हो, किसने की मदद हो, हरित व सफेद क्रांति हो, जो भी प्रगति हुई है इस किताब के बल पर हुई है। यही आपकी प्रगति की नीव है। 

     कांग्रेस नेता ने जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर हमला बोला, कहा कि, आजकल नरेंद्र मोदी गोदी मीडिया को बहुत इंटरव्यू दे रहे हैं। एक कमरे में इंटरव्यू होता है। जहां 2-4 गोदी मीडिया के पत्रकार होते हैं। ऐसे इंटरव्यू में किसानों, मजदूरों, बेरोजगारों या फिर महंगाई की बात नहीं होती है। क्योंकि यह मीडिया नरेंद्र मोदी का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसको नष्ट करना चाहते हैं। अगर यह गायब हो जाएगा तो पब्लिक सेक्टर खत्म हो जाएगा, नौकरियां खत्म हो जाएगी, महंगाई आसमान तक पहुंच जाएगी, रिजर्वेशन खत्म हो जाएगा, इसके बाद लोगों के सारे हक एक के बाद एक छिन जाएंगे। उन्होंने कहा कि, सच्चाई यह है की इसके बिना हिंदुस्तान में 22-25 अमीर लोगों के पास हक बचेगा। जिसमें माताओं, युवाओं के हक सब छीन लिए जाएंगे। इसलिए हम सब के लिए जरूरी काम है इस संविधान की रक्षा करना।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ