अमेठी: चुनाव अभियान को आगे बढ़ाते हुए सोमवार दोपहर बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने अमेठी के शुकुलपुर ब्लॉक, हारीपुर एवं अमेठी के कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित बैठकों को संबोधित किया। प्रियंका गाँधी ने कहा कि, उनकी मां का यह प्रयास था कि, जो काम पिता ने शुरू किया वो उस काम को पूरा करें। जो सपने थे पिता जी के अमेठी के लिए कि, किस तरह यहां विकास लाना है ? बड़े-बड़े उद्योग जो उन्होंने शुरू किए सड़कें बनवाईं, आवास बनवाए, पानी पहुंचाया, गांवो में बिजली पहुंचाई।
आपको बता दें कि, प्रियंका ने कहा- हम शुरू-शुरू में आते थे सारी जमीन ऊसर होती थी। पिता जी से पूछतीं थी ये जमीन सफेद कैसी है तो बताते थे कि, इसमें नमक बहुत है। ये ऊसर जमीन है इसलिए उपजाऊ जमीन नहीं है। आज मैं आती हूं हर जगह हरियाली दिखती है। पिता जी ने यहां पर पूरी योजना बनवाई। यहां की सारी ऊसर जमीन को उपजाऊ बनाया। आज ढूढ़ने निकले तो नहीं मिलेगी ऊसर जमीन। तो जो राजीव जी ने इतने सारे काम इतनी श्रद्धा से किए थे।"
अमेठी में प्रियंका गाँधी ने रोजगार और महंगाई पर सरकार से पूछे सवाल: आपको बताया जाता है कि, मोदी जी दुनिया के सबसे सक्षम नेता हैं। सारा विकास मोदी जी ने 10 सालों में किया है। ये सुनाया जाता है आपको। आपको यह बताया जाता है कि, देश में ऐसी तरक्की आ रही है लेकिन दूसरी सच्चाई भी है। एक सच्चाई जो आप जी रहे हैं। जो 10 सालों से इतनी बेरोजगारी हो गई है। महंगाई से सब परेशान हैं। गैस का सिलेंडर 1200 का हो गया और यही लोग, यही आपकी सांसद जब 400 का सिलेंडर हुआ दिल्ली में सिलेंडर पर बैठकर मीडिया को बोलीं की हम हड़ताल करेंगे। वहीं 1200 का हो गया तो चुप हैं एकदम।
सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा अमेठी की जनता से हमारा पारिवारिक रिश्ता है। ये मेरे पिताजी की कर्मभूमि है। मेरे पिता जी देश के लिए शहीद हुए। वे मात्र 46 साल के थे जब वो शहीद हो गए।
मेरे पिता जी के लिए यही सबसे बड़ा सम्मान होगा कि, आप यहाँ एक ऐसी राजनीति चुनें जो सच्चाई वाली हो, जिसमें जनता के प्रति श्रद्धा हो, जो चुनाव के लिए झूठ का सहारा न लेती हो।
सभा में अमेठी के लोकसभा प्रत्याशी के एल शर्मा जी, सपा जिला अध्यक्ष राम उदित यादव, जिला पंचायत सदस्य मुकेश यादव, जिला पंचायत सूबेदार यादव, विधानसभा अध्यक्ष मनी राम वर्मा भी मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रियंका गांधी ने श्री परमहंस आश्रम टीकरमाफी के महा प्रबंधक स्वामी 1008 श्री हरि चैतन्य ब्रहम्चारी जी से मिल कर आशीर्वाद प्राप्त किया।



0 टिप्पणियाँ