अकीदत के साथ अदा की ईद-उल-अजहा की नमाज, दिखाई दी गंगा जमुनी तहजीब की झलक

रजनीकांत अवस्थी 

महराजगंज/रायबरेली: ईद-उल-अजहा पर कस्बा समेत क्षेत्र के ईदगाह और मस्जिदों में मुस्लिम समाज के लोगों ने अकीदत के साथ नमाज अदा की। मुल्क में खुशहाली और अमन की दुआ मांगी गई। इसके बाद लोगों ने अपने घरों में पहुंचकर कुर्बानी दी। भाजपा नेता व पूर्व विधायक रामलाल अकेला एवं टाउन एरिया महराजगंज के चेयरमैन प्रतिनिधि व भाजपा नेता प्रभात साहू ने ईदगाह पहुंचकर एक दूसरे के गले मिलकर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी।

      आपको बता दें कि, कस्बा महराजगंज में ईदगाह पर नमाज पढ़ने के लिए लोग सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गए थे। मौलाना हयात की सरपरस्ती में ईद की नमाज अदा कराई। इसके अलावा क्षेत्र के मऊ, हलोर, हरदोई, करमगंज, बावन बुजुर्ग बल्ला, थुलवांसा, रसेहता, रुकुनपुर बैखरा, इमामगंज, खैरहना आदि मस्जिदों में मौलानाओं ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद देश में खुशहाली और अमन की दुआ मांगी गई। 

       तकरीर में मौलाना हयात ने कहा कि, कुर्बानी का मकसद अपने रब के हुक्म को इस हद तक मानना है कि, हमें उनकी इबादत में अगर अपनी कुर्बानी भी देने पड़ी तो देनी चाहिए। अल्लाह हम सबसे बहुत मुहब्बत करते हैं, हमें रब के बताए उसूलों पर चलना चाहिए। इस्लाम इंसानियत का पैगाम देता है, लिहाजा एक अच्छा इंसान बनकर अपने कर्तव्य को पूरा करना चाहिए। ऐसे व्यक्ति से ही अल्लाह भी खुश होता है। 

      मौलाना ने कहा कि, कुर्बानी के मायने खुदा को राजी करना है, न कि दिखावा करना। ईदगाह में मौलाना ने फरमाया कि, हमें एक-दूसरे के काम आना चाहिए और दिखावे से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि,  हमें दूसरों की मदद करनी चाहिए। दूसरों की मदद करना भी खुदा की इबादत है। कुर्बानी के बाद ऐसा कोई काम न करें, जिससे किसी दूसरे धर्म के लोगों के जज्बात को ठेस पहुंचे। इस्लाम में दूसरों को तकलीफ पहुंचाना बड़ा गुनाह माना गया है। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से सोशल मीडिया पर कुर्बानी की वीडियो और फोटो अपलोड न करने की अपील की। 

      जनप्रतिनिधियों पूर्व विधायक रामलाल अकेला और भाजपा नेता प्रभात साहू ने मस्जिद और ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समाज के लोगों से गले मिलकर दी मुबारकबाद: ईदगाह और मस्जिद पर नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू और पूर्व विधायक रामलाल अकेला समेत प्रशासनिक अधिकारियों/कर्मचारियों ने मस्जिद व ईदगाह पर व्यवस्थाओं के अलावा मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद उल अजहा की मुबारकबाद दी।

      ईद-उल-अजहा की नमाज को लेकर ईदगाह सहित कस्बा महराजगंज और क्षेत्र की सभी मस्जिदों में सुरक्षा चाक चौबंद रही। इसके साथ ही चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। उप जिलाधिकारी राजित राम गुप्ता, क्षेत्राधिकार यादवेंद्र तथा कोतवाल बालेंदु गौतम के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

      ईद-उल-अजहा को लेकर बच्चों में भारी उत्साह देखने को मिला। वह अपने अभिभावकों के साथ सज-धजकर ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए पहुंचे। इसके साथ ही कस्बा महराजगंज समेत क्षेत्र भर में पूरे दिन रौनक रही। मुस्लिम समाज के साथ-साथ हिंदू समाज के लोगों ने भी एक-दूसरे के घर पहुंचकर ईद की मुबारकबाद दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ