रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में चले लाठी डंडे, तीन महिलाओं समेत चार घायल

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के थरि मजरे माझगांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले तो दोनों पक्षों में वाद विवाद हुआ, उसके बाद दोनों पक्ष मारपीट पर आमादा हो गए और एक दूसरे पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। जिसमें तीन महिलाओं सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है। घायलों को मेडिकल के लिए सीएचसी भेजा गया है। 

    आपको बता दें कि, एक पक्ष के मैकूलाल पुत्र खोदई निवासी थरि मजरे मांझगांव ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि, उनके घर के सामने रास्ता है जो इंडिया मार्कानल तक जाता है। उनके घर की पूनम पुत्री देवराज नल पर पानी भरने जा रही थी, तभी खरफूस की टटिया बना रही पिंकी पुत्री अयोध्या प्रसाद और उनकी मां कमलेश कुमारी गाली गलौज करने लगी। विरोध जताने पर दोनों ने लाठी डंडों से उसे मारना पीटना शुरू कर दिया। जब उसने शोर में मचाया तो पूनम के पिता देवराज भी मौके पर पहुंच गए तो दोनों मां-बेटी ने देवराज को भी मारपीट कर घायल कर दिया। जिससे पूनम और देवराज गंभीर रूप से घायल हो गए। 

     वहीं दूसरे पक्ष की पिंकी की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि, वह अपनी मां कमलेश कुमारी के साथ टटिया बांध रही थी, तभी पूनम उसे गालियां देने लगी। जब उसने विरोध किया तो पूनम और पूनम के पिता लाठी डंडा लेकर उसे और उसकी मां को मारना चालू कर दिया, जिसमें वह दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

    पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को मेडिकल के लिए सीएचसी भेजा गया है। 

      कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि, मामला संज्ञान में आया है। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ