रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के ठाकुरपुर मजरे कैड़ावा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के पिता पुत्र पत्नी और बेटी पर मारपीट गाली गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि, गांव निवासी सुरेंद्र कुमार पुत्र रामलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि, पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही रहने वाले विपक्षीगणों छेद्दू पुत्र राम प्रसाद, नीरज पुत्र छेद्दू तथा छेद्दू की पुत्री और पत्नी ने योजनाबद्ध तरीके से उसके साले गेंदालाल व वादी की पत्नी बुधना के साथ लाठी डंडों से मारपीट की, जब दोनों ने विरोध किया तो सभी आरोपी गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले। पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
सूत्रों के हवाले से कोतवाली क्षेत्र के कैड़ावा गांव में ग्राम समाज द्वारा तालाब खुदवाया गया था। जिसे शासन द्वारा मत्स्य पालन योजना के अंतर्गत 3 साल के लिए वादी सुरेंद्र कुमार पुत्र रामलाल के नाम पट्टा कर दिया गया था। बताते हैं कि, उस तालाब में सुरेंद्र कुमार ने मछलियां पाल रखी है।
इसी तालाब में आरोपी छेद्दू का बेटा नीरज मछली पकड़ने गया था, जिसको लेकर पहले तो दोनों पक्षों के बीच वात-विवाद हुआ किंतु मामला इतना बढ़ गया कि, दोनों पक्ष मारपीट पर आमादा हो गए, और जमकर लाठी डंडे चले।
मामले में कोतवाल बालेंदु गौतम का कहना है कि, एक पक्ष की ओर से मिली तहरीर के आधार पर दूसरे पक्ष के पति, पत्नी, पुत्र और बेटी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है, अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ