रजनीकांत अवस्थी
राजस्थान लोकसभा चुनाव 2024: कुछ चीज़ें सिर्फ कांग्रेस में ही संभव हो सकती हैं जैसे कि, राजस्थान के भरतपुर से एक गरीब की बेटी संजना जाटव का सांसद बनना। संजना जाटव गरीब परिवार से आतीं हैं, इनके पति राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल हैं। शादी के बाद पढ़ाई की और सरकारी नौकरी की तैयारी की, मगर फिर पति और परिवार के सहयोग से राजनीति में आईं और पिछले साल ही राजस्थान में विधान सभा का चुनाव लड़ा। मगर चुनाव में 409 वोटों से हार मिली। संजना नहीं हारी और कांग्रेस ने भी उनपर भरोसा जताते हुए इसबार लोकसभा चुनाव में टिकट दे दिया। आज 26 वर्षीय संजना जाटव भरतपुर लोकसभा से सांसद हैं।
आपको बता दें कि, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले में सेंधमारी करते हुए 26 साल की संजना जाटव ने लोकसभा चुनाव में इतिहास रच दिया है। संजना ने करीब 51 हजार वोटों से बीजेपी के रामस्वरूप कोली को शिकस्त दी। भरतपुर में कांग्रेस की जीत के बाद कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। संजना जाटव को कुल 579890 वोट मिले। जबकि रामस्वरूप कोली 527907 वोट मिले। ऐसे में जीत का अंतर 51983 वोटों का रहा।
भरतपुर से चुनाव जीतने वाली कांग्रेस की संजना जाटव महज 26 साल की हैं। संभवतया वह सबसे कम उम्र की लोकसभा में पहुंचने वाली सांसद हैं। संजना लोकसभा से पहले कठूमर विधानसभा चुनाव भी लड़ी थीं, उस समय कठूमर से भाजपा प्रत्याशी रमेश खींची को 79 हजार 756 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस की संजना जाटव को 79 हजार 347 वोट ही मिले थे। ऐसे में उनकी मात्र 409 मतों से हार हुई थी। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में उन पर दांव खेला और उनके सिर जीत का सेहरा बंधा। संजना एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं।
कांग्रेस के टिकट पर विजयी हुई संजना जाटव का पीहर और ससुराल दोनों में ही जनता ने सम्मान रखा। संजना जाटव अलवर जिले के कठूमर तहसील के गांव समूंची की रहने वाली हैं। इनका पीहर भरतपुर जिले के भूसावर में है। संजना जाटव के पति राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल हैं। लोकसभा चुनाव में उनकी जीत के बाद ससुराल और पीहर पक्ष दोनों ने खूब जीत का जश्न मनाया गया।

0 टिप्पणियाँ