बारिश के दिनों में लबालब पानी से भर जाता है दसवंतपुर प्राथमिक विद्यालय और परिसर

सार.......

⭕ नौनिहालों को विद्यालय आने-जाने और शिक्षा ग्रहण करने में करना पड़ता है दिक्कतों का सामना।

विस्तार........

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: बारिश के दिनों में क्षेत्र के दसवंतपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय और परिसर पानी से लबालब भर जाता है। परिसर में बारिश का पानी भरने से बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से की गई व्यवस्था की पोल खुल गई है।

    आपको बता दे कि, महराजगंज तहसील मुख्यालय से 9 किलोमीटर की दूरी पर दसवंतपुर प्राथमिक विद्यालय ने बेसिक शिक्षा विभाग की पोल खोल कर रख दी है। बारिश के पानी की निकासी का कोई इंतजाम नहीं किया गया है। आए दिन हो रही बारिश से परिसर में पानी भर जाता है जिससे नौनिहालों को विद्यालय आने-जाने और पढ़ाई में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।। बीते सप्ताह हुई तेज बारिश से पूरा विद्यालय परिसर पानी से लबालब हो गया। निकासी की व्यवस्था नहीं होने से पानी कई दिनों तक भरा रहा। जलभराव से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। स्कूल में बच्चे व शिक्षक एक किनारे से कमरे में घुस पा रहे हैं।

    मामले में प्रधानाध्यापक अमित अवस्थी से बात करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन पहुंच से बाहर बता रहा था।

बारिश के दिनों में लबालब पानी से भर जाता है दसवंतपुर प्राथमिक विद्यालय और परिसर का वीडियो

     जल भराव के मामले को लेकर ग्रामीण मोहित सिंह से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि, कई बार इसकी शिकायत विभाग और ग्राम प्रधान से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। विद्यालय परिसर में एक किनारे बने रसोई घर से भोजन बनने के बाद परोसने के लिए रसोइयों को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है। विद्यालय खुलने पर अध्यापकों द्वारा सफाई कराई जाती है, लेकिन परिसर में पानी भरे रहने से छात्र कम पहुंचते हैं।

    प्रधान प्रतिनिधि सत्येंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि, मामला संज्ञान में है। बरीबरा प्राथमिक विद्यालय और जियापुर शिवगढ़ प्राथमिक विद्यालय में कायाकल्प योजना के अंतर्गत कार्य चल रहा है। यहां पर फर्स्ट फ्लोर ऊंचा करके टाइल्स लगाने का काम किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद दसवंतपुर प्राथमिक विद्यालय में भी कायाकल्प योजना के अंतर्गत विद्यालय परिसर को ऊंचा कराया जाएगा और रास्ते में खड़ंजा या फिर इंटरलॉकिंग लगवाने का कार्य पूर्ण किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ