सार........
⭕ सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल आयी 88 शिकायतें, 12 का मौके पर कराया निस्तारण।
⭕ निस्तारण में अनावश्यक विलम्ब हुआ तो तय होगी जवाबदेही।
⭕समाधान दिवस में दो अधिकारियों के अनुपस्थित होने पर डीएम ने लगाई कड़ी फटकार।
⭕ नीम टीकर गांव की महिला ने हल्का लेखपाल पीयूष शुक्ला पर तालाब आवंटन के नाम पर धन उगाही के लगाए गंभीर आरोप।
⭕ महराजगंज के तहसील समाधान दिवस में एसडीएम राजित राम गुप्ता ने मत्स्य पालन हेतु 6 तालाब अवंटियों को दिए आवंटन।
विस्तार......
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को सभी तहसीलों में हुआ। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने महराजगंज तहसील में जनता की फरियाद सुनी। इस दौरान उनके सामने कुल 88 मामले आए, जिनमें 12 का मौके पर निस्तारण कराया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए सख्त निर्देश दिया कि, इसका समयान्तर्गत व गुणवत्तापरक निस्तारण कराया जाए। इस अवसर पर राजस्व विभाग से 31,पुलिस विभाग 16, विकाश विभाग 7, अन्य 34 मामले जिलाधिकारी के सामने आए। समाधान दिवस के दौरान दो अधिकारियों के नदारत पाए जाने पर जिलाधिकारी ने फोन पर कड़ी फटकार लगाई।
आपको बता दें कि, जिलाधिकारी ने पैमाइश एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों में कहा कि, राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौका-मुआयना करके सही व्यक्ति को तत्काल राहत दिलाएं। समय से हर किसी की शिकायत का समाधान सरकार की प्राथमिकता है, सभी अधिकारी इस बात का ख्याल रखें। उन्होंने पिछले संपूर्ण समाधान दिवस में आई शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि, अगर निस्तारण में अनावश्यक विलंब हुआ या निस्तारण सही नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अग्रवाल ने भी पुलिस से संबंधित मामलों को सुना और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा विद्युत विभाग की एक फर्जी शिकायत भी सामने आई है, जिसमें पूरे रानी मजरे चंदापुर के रहने वाले सुनील राय ने उनका 5 लाख के फर्जी बिल की शिकायत की थी, किंतु जब एक्शन ओपी सिंह ने कंप्यूटर पर चेक किया तो मामला फर्जी पाया गया। शिकायतकर्ता का बकाया बिल जीरो था।
महराजगंज तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में मत्स्य पालन के लिए 6 आवंटियों सरोज हसनपुर, रामनाथ कुबना, मेवालाल जीगों, विशंभर सिकंदरपुर, सुजाता पत्नी प्रेम कुमार मुरैनी, रामप्रसाद पुत्र दीना निवासी बदावर को आवंटन के पट्टे एसडीएम महराजगंज राजित राम गुप्ता ने अपने हाथों से दिए।
समाधान दिवस में ही नीम टीकर गांव की रहने वाली एक महिला ने हल्का लेखपाल पियूष शुक्ला पर तालाब आवंटन के मामले में रिश्वत मांगने की शिकायत की। इसके अलावा कस्बा महराजगंज के भी कई मामले आए, जिस पर डीएम हर्षिता माथुर ने संबंधित विभाग के अधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए मामले के निस्तारण की बात कही।
तहसील समाधान दिवस में दो विभागों के अधिकारी नदारत पाए गए, जिसमें अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग हरीश कुमार सिंह को फोन करके डीएम हर्षिता माथुर ने कड़ी फटकार लगाई।
इस अवसर पर सीएमओ बीरेंद्र सिंह, एसडीएम महराजगंज राजित राम गुप्ता, सीओ महराजगंज राघवेंद्र बहादुर पाल, विद्युत विभाग से एक्शन विद्युत ओपी सिंह, बीडीओ महराजगंज वर्षा सिंह, शिवगढ़ कोतवाल श्याम कुमार पाल, महराजगंज कोतवाल बालेन्दु गौतम, बछरावां थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश तिवारी, महराजगंज अधिशासी अधिकारी अपर्णा मिश्रा, बछरावां अधिशासी अधिकारी रामाशीष, अधिशासी अधिकारी शिवगढ़ राजभान शुक्ला, अधीक्षक महराजगंज पीके श्रीवास्तव सहित अन्य तहसील एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।









0 टिप्पणियाँ