प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ देने के लिए ज्योना ग्राम सभा में बैठक कर 350 पात्र लाभार्थियों की बनाई गई सूची

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों और असहाय लोगों को घर आवंटन करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ग्रामीण क्षेत्र में घर विहीन सभी परिवारों को इस योजना का लाभ दिया जाएगा। 50,000 इनकम वाले या दो पहिया और तीन पहिया वाहन वाले लोग इस श्रेणी से बाहर रहेंगे। इसी क्रम में विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत ज्योना में गुरुवार को एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों ने उपस्थित होकर पीएम आवास हेतु लगभग 350 लोगों ने अपना-अपना नाम रजिस्टर में दर्ज कराया।

     आपको बता दें कि, ज्योना ग्राम सभा के पंचायत भवन में गुरुवार को ग्राम प्रधान उमेश कुमार उर्फ कुन्नू एवं ग्राम विकास अधिकारी आदित्य कुमार के नेतृत्व में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन प्रक्रिया की बैठक संपन्न हुई। ग्राम विकास अधिकारी आदित्य कुमार ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि, सभी बेघर पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ देने के लिए सर्वे का कार्य शुरू किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत प्लस 2018 की सूची में पात्र लाभार्थियों के नाम जोड़े जा रहे हैं। इस योजना का लाभ पाने के लिए लाभार्थी का मानक निर्धारित किया गया है। पात्र लाभार्थियों में ग्रामीण परिवारों के सभी आवास विहीन परिवार एक या दो कमरों के कच्ची दीवाल और कच्ची छत युक्त मकान में रहने वाले परिवारों को शामिल किया गया है। 

    प्रदेश सरकार के मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतिनिधि और ग्राम प्रधान ज्योना उमेश कुमार उर्फ कुन्नू ने बताया कि, जो आश्रय विहीन परिवार हैं, बेसहारा है, किसी तरह जीवन यापन करने वाले हैं, बंधुआ मजदूर है, ऐसे लोग पात्रता की श्रेणी में आते हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। आज बैठक में लगभग 350 पात्र परिवारों को चिन्हित कर उनकी सूची बनाई गई है जिस ग्राम विकास अधिकारी द्वारा शासन को भेजी जाएगी। 

    इसके अलावा सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्राम सभा में कितना विकास हुआ है, पत्रकारों द्वारा किए गए सवाल के जवाब में ग्राम प्रधान ने बताया कि, सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को तो दिया ही जा रहा है, साथ ही उनके कार्यकाल में ग्राम सभा का भी चौमुखी विकास किया गया है, जिसके अंतर्गत कायाकल्प योजना के तहत सभी पांचो प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की बैठने की उत्तम व्यवस्था डेस्क-मेंज लगवाए गए हैं, साथ ही विद्यालय में इंटरलॉकिंग बाउंड्री वॉल गेट और रंग रोगन का भी काम किया गया है।

    उन्होंने बताया कि, ग्राम सभा में पक्की नाली निर्माण, नाला निर्माण, इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, खड़ंजा, इंडियामार्का हैंडपंप मरम्मत के साथ-साथ नए भी लगवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि, उनकी ग्राम सभा स्थित बाबा बाल दास की कुटी पर प्रदेश सरकार के मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह के सौजन्य से युवाओं के लिए जिम सेंटर और इंडियामार्का नल लगवाया गया है। जहां प्रतिदिन ग्राम सभा के युवा पहुंचकर जिम करते हैं।

    बैठक में रोजगार सेवक एखलाक अहमद, पंचायत सहायक सुधांशु पाल एवं वार्डों के सभी सदस्य मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ