रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: थाना क्षेत्र के जनई गांव में एक अजीब मामला सामने आया है। आरोप है कि, ग्राम प्रधान की मिली भगत से एक ऐसी महिला का आधार कार्ड बनवा दिया गया जिसका गांव के एक मृतक व्यक्ति से दूर-दूर तक संबंध नहीं था। बताया जा रहा है कि, गांव के उस मृतक व्यक्ति की संपत्ति हड़पने के लिए इसकी साजिश रची गई है। इस पूरे मामले में गांव के ही एक व्यक्ति पर आरोप लगाया गया है कि, उसकी भूमिका संदिग्ध है जोकि महिला को अमेठी जनपद से लाकर मृतक व्यक्ति की पत्नी होने का दावा कर रहा है और फर्जी तरीके से आधार कार्ड भी बनवा दिया गया।
आपको बता दें कि, महराजगंज थाना क्षेत्र के जनई गांव की रहने वाली पीड़िता इंदु सिंह पत्नी अर्जुन सिंह का आरोप है कि, उनके देवर राम सिंह पुत्र हरिद्वार सिंह रायबरेली शहर में दिहाड़ी मजदूरी करके अपना जीवन यापन करते थे, और 8 माह पूर्व 45 साल की उम्र में सर्वोदय नगर क्रॉसिंग पर ट्रेन से कट कर उनकी मृत्यु हो गई। जब इंदु सिंह के पति अर्जुन सिंह को अपने भाई की मौत का पता चला तो वह पारिवारीजनों के साथ रायबरेली पहुंचे थे, तथा पोस्टमार्टम के बाद पूरे रीति रिवाज के साथ शव का अंतिम संस्कार कर अपने भाई राम सिंह का क्रिया कर्म किया था और आयोजित भोज कार्यक्रम में गांव, समाज, इष्ट, मित्र, नाते रिश्तेदारों को बाकायदा आमंत्रित भी किया गया था। उस समय तक मृतक राम सिंह की पत्नी का कोई जिक्र नहीं था।
इंदू सिंह का आरोप है कि, उनके देवर राम सिंह की मृत्यु के आठ माह बाद गांव के ही समरजीत सिंह पुत्र रतन नारायण सिंह ने स्वर्गीय राम सिंह की चल अचल संपत्ति को हड़पने की नीयत से एक अजनबी महिला, जिसका नाम शिवलली निवासी अमेठी जनपद के मुसाफिरखाना के गांव नारे की रहने वाली बताई जा रही है को मृतक राम सिंह की कथित पत्नी बताया जा रहा है।
पीड़िता इंदु सिंह का कहना है कि, उनके देवर राम सिंह की मृत्यु के उपरांत (काम-तेरहवी) इनके पति अर्जुन सिंह ने किया। जिसमें स्वर्गीय राम सिंह की कथित पत्नी को लाने वाले समरजीत सिंह को भी भोज में आमंत्रित किया गया था और वह आए भी थे, तब तक समरजीत सिंह ने मृतक राम राम सिंह की पत्नी का जिक्र नहीं किया और एकाएक स्वर्गीय राम सिंह की चल अचल संपत्ति को हड़पने की नीयत से अमेठी जनपद से कथित पत्नी को लाकर फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनवा दिया गया।
इंदू सिंह का आरोप है कि, ग्राम प्रधान और अधिकारियों की मिली भगत से स्वर्गीय राम सिंह की कथित पत्नी का फर्जी आधार कार्ड बनवाकर संपत्ति को हड़पने की साजिश रखी जा रही है। जबकि राजस्व अभिलेखों में स्वर्गीय राम सिंह की कथित पत्नी शिव लली का कहीं जिक्र भी नहीं है।
मृतक राम सिंह के बड़े भाई अर्जुन सिंह ने एसडीएम महराजगंज राजित राम गुप्ता को एक प्रार्थना पत्र देकर मामले में दोषियों के खिलाफ उचित कार्यवाही की मांग की है। एसडीएम ने मामले को संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को जांच के आदेश दिए हैं।
0 टिप्पणियाँ