अमेठी में अपराधियों ने पति-पत्नी व 2 मासूम बेटियों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उतारा मौत के घाट

सार...........

⭕ अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर योगी सरकार पर सवाल उठाए हैं।

⭕ रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने कहा कि, यदि इंसाफ मिलता न दिखा तो वो खुद अमेठी जाएंगे।

⭕ राहुल गांधी ने अमेठी हत्याकाण्ड मुद्दे पर सांसद केएल शर्मा से फोन पर बात भी की है।

विस्तार........

उत्तर प्रदेश के अमेठी में गुरुवार की शाम को एक ही परिवार के 4 लोगों की घर में घुसकर बेरहमी से मौत के घाट उतार देने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने एक के बाद एक 9 राउंड गोलियां चलाई और पूरे परिवार को मौत के घाटउतार दिया। अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। शुरुआती जांच पर पुलिस हत्या के पीछे की वजह पुरानी रंजिश मान रही है। वहीं, आरोपियों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई गई है। साथ ही एसटीएफ भी आरोपियों की तलाश में जुटी है। केस को सुलझाने की जिम्मेदारी एक बार फिर डीएसपी डीके शाही के कंधों पर आ गई है। डीके शाही ने ही सुल्तानपुर डकैती का खुलासा किया था।

      आपको बता दें कि, घटना अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के अहोरवा भवानी चौराहे की है। जहां सुनील कुमार भारती किराए का कमरा लेकर परिवार के साथ रहते थे। सुनील कुमार भारती रायबरेली के जगतपुर थाना इलाके के सुदामापुर गांव के रहने वाले थे और अमेठी में सिंहपुर ब्लॉक के पन्हौना कंपोजिट विद्यालय में सहायक टीचर थे। इस हत्याकांड में सुनील कुमार भारती, उनकी पत्नी पूनम और 5 व डेढ़ बर्ष की दो बेटियों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को घर के आंगन में नल के पास पति-पत्नी के शव मिले, जबकि थोड़ी ही दूर पर उनकी दोनों मासूम बेटियों के शव पड़े थे। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर सुनील के गांव वाले भी इस हत्याकांड के बाद सदमे में हैं।

       इस हत्याकांड के बाद पुलिस और एसटीएफ हत्यारों की तलाश में जुट गई है। मामले की जांच डीएसपी डीके शाही को दी गई है, जिन्होंने सुल्तानपुर डकैती का खुलासा किया था। वहीं वारदात के बाद मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घर से कुछ अहम सबूत जुटाए हैं। पुलिस की जांच में अब तक जो सामने आया है उसके मुताबिक हत्या के बाद बदमाशों ने घर की किसी भी चीज को हाथ नहीं लगाया, मतलब लूटपाट उनका मकसद नहीं था, वह सिर्फ हत्या करने के लिए ही आए थे।

     हत्याकांड के पीछे का एक मामला ये भी सामने आ रहा है कि, 18 अगस्त को सुनील भारती की पत्नी पूनम ने रायबरेली कोतवाली में चंदन वर्मा नाम के शख्स के खिलाफ छेड़छाड़ और SC/ST एक्ट में एक मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि, क्या इस हत्याकांड का उससे कोई लिंक है या नहीं।

      मृतक सुनील के पिता रामगोपाल ने बताया कि, वह मजदूरी करता हैं। मजदूरी के बाद वह जैसे ही घर आए उन्हें सूचना मिली कि, उनके बेटे, बहू और बच्चों को मार दिया गया है। रामगोपाल ने बताया कि, उनका बेटा पहले ईंट भट्ठे पर ईंट पाथने का काम करता था। नरेगा में काम किया, मेहनत मजदूरी की दुकान भी खोली लेकिन साथ मे पढ़ाई भी की। पढ़ाई करके उसने पुलिस की नौकरी भी हासिल की थी। वह एक साल तक पुलिस की नौकरी में रहा। पुलिस की नौकरी में उसका मन नहीं लगा तो उसके बाद उसने टीचर बनने की ठानी और वह सरकारी टीचर बन गया।

      अमेठी में सरेआम इस वारदात को अंजाम किसने दिया, अभी तक ये साफ नहीं हो सका है। वारदात को इतने शातिर तरीके से अंजाम दिया गया कि, किसी ने भी हत्यारों को नहीं देखा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है क्योंकि घटना का अभी तक कोई चश्मदीद सामने नहीं आया है। ऐसे में पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान करना सबसे बड़ी चुनौती होगी।

      अमेठी में हुए इस निर्मम हत्याकांड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दु:ख जताया है, साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के आदेश दिए हैं। वहीं अब इस मामले पर सियासत भी शुरू हो गई है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर योगी सरकार पर सवाल उठाए हैं।  रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने कहा कि, यदि इंसाफ मिलता न दिखा तो वो खुद अमेठी जाएंगे। उन्होंने इस मुद्दे पर अमेठी के सांसद केएल शर्मा से फोन पर बात भी की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ