राम की चिरैय्या रामै कै खेत, खाऊ रे चिरैया भरि-भरि पेट: भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा महराजगंज इन्हौना मार्ग पुनर्निर्माण, जिम्मेदार दे रहे रटा-रटाया बयान, ग्रामीणों में आक्रोश


रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: राम की चिरैय्या' रामै कै खेत, खाऊ रे चिरैया भरि-भरि पेट की तर्ज पर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे महराजगंज इन्होंना मार्ग के नवीनीकरण के लिए लगभग 20 साल के लंबे इंतजार और कई बार सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा हप्तो चले धरना प्रदर्शन के बाद बदहाल और टूटे हुए मार्ग के जब बनने का समय आया तो जिम्मेदार अपनी खाली तिजोरियां भरने में जुट गए हैं। सड़क निर्माण में लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार की मिली भगत के चलते निर्माण कार्य में जमकर धांधली हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने रविवार सुबह जमकर हंगामा काटा और विरोध प्रदर्शन कर पीडब्लूडी विभाग मुर्दाबाद के नारे लगाए।

      आपको बता दें कि, बाबा राम केवल अनशनकारी की भूख हड़ताल, पूर्व विधायक रामलाल अकेला का धरना प्रदर्शन तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं के द्वारा लगातार सड़क के पुनर्निर्माण के अलावा सपा विधायक श्याम सुंदर भारती के द्वारा विधानसभा में उठाई गई आवाज और चेतावनी तथा उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के अथक प्रयासों के बाद स्वीकृत महराजगंज इन्हौना मार्ग पर मानक विहीन कार्य करवाया जा रहा है। जिसको लेकर आज रविवार को मुरैनी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रणविजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में क्षेत्र के सैकड़ो ग्रामीणों ने कार्यस्थल पर पहुंचकर हंगामा काटना शुरु कर दिया और गुणवत्तापूर्ण सड़क बनाने की पुरजोर मांग करने लगे। 

ग्रामीणों द्वारा कार्य स्थल पर हंगामे की बात पता चलते ही PWD विभाग के अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए और आनन-फानन पहुंच कर ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास किया, किंतु ग्रामीणों ने एक नहीं सुनी। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि, यदि महराजगंज इन्हौना मार्ग का मानक के अनुरूप कार्य नहीं कराया गया तो वह हजारों लोगों के साथ धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी विभाग की होगी। मानक विहीन सड़क निर्माण से ग्रामीणों में आक्रोश है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क निर्माण बंद कराते हुए कार्य की जांच कराने की मांग की है।

     17.200 किमी. महराजगंज इन्हौना मार्ग, महराजगंज से इन्हौना होते हुए फैजाबाद मार्ग को जोड़ता है। (17.200 किमी. लंबी सड़क) ध्वस्त हो चुकी थी। मार्ग ध्वस्त होने के बाद इसके नवीनीकरण के लिए सामाजिक कार्यकर्ताओं, संतों एवं नेताओं ने कई बार आवरण अनशन, धरना प्रदर्शन के साथ-साथ लिखा पढ़ी करके मांग उठाई थी। इसके अलावा मौजूदा सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने महराजगंज इन्हौना मार्ग के पुनर्निर्माण (नवीनीकरण) को लेकर विधानसभा में आवाज उठाई थी, जिसके बाद मार्ग के पुर्ननिर्माण को लोक निर्माण विभाग से प्रस्तावित किया गया। 17.200 किलोमीटर लंबे मार्ग के नवीनीकरण के लिए 36 करोड़ रुपए अवमुक्त हुए हैं।

     धनराशि अवमुक्त होने के बाद विभाग ने निविदा के माध्यम से ठेकेदार का चयन किया। ठेकेदार की ओर से लगभग 6 सप्ताह पूर्व से ही महराजगंज इन्हौना मार्ग के नवीनीकरण का काम शुरू हुआ। शुरू हुए काम को देखने के लिए मुरैनी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रणविजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में शनिवार की रात और आज रविवार को ग्रामीण सड़क पर पहुंचे तो वहां काम मानक विहीन होता मिला। मानक विहीन काम देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए। आक्रोशित रणविजय सिंह एडवोकेट सहित कपिल गोस्वामी, शैलेंद्र सिंह उर्फ सिंपल एडवोकेट, शैलेंद्र सिंह जनई, रोहित शुक्ला, भानु प्रताप सिंह, अंकित कुमार, रोहित शुक्ला, मोहन सिंह, पवन सिंह, देशराज सिंह, मंगल, रोहित, राजेश, दिवाकर तिवारी, कप्तान सिंह, बबलू सिंह, अमित सिंह, पीयूष, रजनीश यादव, वसीम खान, जीतू, दिनेश मिश्रा, अमित तिवारी, ज्योति प्रकाश अवस्थी एडवोकेट, जयभद्र सिंह समेत अन्य ग्रामीणों का कहना है कि, सड़क पर बिना आमर्शल डाले ही डीबीएम मानक विहीन कार्य किया जा रहा है, तथा मोटाई मानक 50 एमएम की जगह 40 एमएम की ही करवाई जा रहा है। ऐसे में सड़क के पुनर्निर्माण का कोई औचित्य नहीं है, इसके बनने के 2 महीने बाद ही सड़क ध्वस्त हो जाएगी। इससे अच्छा तो महराजगंज इन्हौना मार्ग का पुनर्निर्माण ही न हो। यह कहते हुए ग्रामीणों ने कार्य को बंद करवा दिया।

      ग्रामीणों द्वारा मानक विहीन सड़क निर्माण का काम बंद कराने के कुछ ही घंटों बाद पीडब्ल्यूडी विभाग के जिम्मेदारों के हाथ पांव फूल गए और एक्सईएन महिपाल सिंह, एई राजेश यादव तथा जेई ओपी गौंड जांच करने मौके पर पहुंचे, जहां आक्रोशित ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को आंड़े हाथों लेते हुए कहा कि, पीडब्ल्यूडी विभाग की यह कार्यशैली भ्रष्टाचार को प्रोत्साहित कर रही है।

    मामले में एक्सईएन महिपाल सिंह बगले झांकते नजर आए, वह ग्रामीणों का सामना नहीं कर सके और अपना रटा-रटाया बयान दिया। उन्होंने कहा कि, महराजगंज इन्हौना मार्ग 2 साल के अथक प्रयासों से कार्य विशिष्टों के अनुरूप ही किया जा रहा है। जहां प्रोविजन सीसी का है वहां सीसी कर दी गई है, उसमें पूरी गुणवत्ता का ध्यान रखा गया है, यहां पर उनका स्टाफ रहता है। यह कार्य पूरी गुणवत्ता से किया जा रहा है। जहां कहीं जो भी कमी होगी, गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ