रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: स्वामी निद्राजीत श्री श्री 1008 स्वामी हरिदास जी महाराज की तपोस्थली बावन बुजुर्ग बल्ला के बबुरिहा मैदान पर चल रहे महराजगंज प्रीमियर लीग सीजन-7 का आज फाइनल मैच खेला गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर के चेयरमैन पति व भाजपा नेता प्रभात साहू एवं विशिष्ट अतिथि सपा नेता व व्यवसायी सुधीर साहू ने फीता काटकर व खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच का शुभारंभ किया। इस दौरान मैदान आयोजन कमेटी के सदस्यों के साथ-साथ बड़ी तादाद में क्रिकेट प्रेमी व दर्शक मौजूद रहे।
आपको बता दें कि, महराजगंज प्रीमियर लीग सीजन-7 का फाइनल मैच स्पार्टन स्क्वॉड लखनऊ और तय्यब सपोर्टिंग क्लब महराजगंज के बीच खेला गया। तय्यब के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मैदान पर बैटिंग करने उतरी लखनऊ की टीम ने 15 ओवरों में 167 रन का स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर बैटिंग करने उतरी तय्यब सपोर्टिंग क्लब महराजगंज की टीम ने अच्छी शुरुवात की और पावरप्ले में ही 47 रन बना डाले। इसके बाद लखनऊ की टीम ने अच्छी वापसी करते हुए 10 ओवरों में 97 रन पर 4 विकेट चटका दिए, किन्तु तय्यब सपोर्टिंग क्लब महराजगंज टीम के अमित शुक्ला ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलना शुरू किया और मैच का रुख बदल दिया। एक बार फिर लखनऊ के तेज गेंदबाज "संगम" ने अपनी टीम को वापसी कराई और अमित को चलता किया। परन्तु अंतिम गेंद पर तय्यब सपोर्टिंग क्लब के खिलाड़ी "तालिब" ने चक्का लगा कर मैच को अपने नाम कर लिया।
मुख्य अतिथि प्रभात साहू द्वारा विजेता टीम को 11000 रुपए देकर टीम को सम्मानित किया। वहीं विशिष्ट अतिथि सुधीर साहू के द्वारा उपविजेता टीम को 5100 रु पुरस्कृत कर सम्मानित किया। इसी के साथ तय्यब सपोर्टिंग क्लब महराजगंज ने लखनऊ की टीम को मात देकर सीरीज पर कब्जा कर लिया।
मैन ऑफ द टूर्नामेंट रहे "संगम" ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। परन्तु टीम को चैंपियन नहीं बना सके।
इस मौके पर धर्मेंद्र वर्मा सभासद, कमलेश सभासद, नुरुल सभासद, संजय सिंह, कमेटी सदस्य राजवीर सिंह, ऋषभ वर्मा, राजमणि सिंह, अर्पित पंडित आदि मौजूद रहे।







0 टिप्पणियाँ