रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के अतरेहटा गांव के करीब खेत की जुताई कर रहे ट्रैक्टर में शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई और देखते ही देखते ट्रैक्टर आग का गोला बनकर खाक हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी व कोतवाली पुलिस समेत 112 पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक आग ने ट्रैक्टर को अपने आगोश में लेकर खाक कर दिया।
आपको बता दें कि, घटना आज गुरुवार की है। कोतवाली क्षेत्र के अतरेहटा गांव निवासी अशोक कुमार मौर्या का खेत अतरेहटा गांव के नजदीक रोड के किनारे स्थित तालाब के बगल में है, जिसकी जुताई ट्रैक्टर ड्राइवर शाहिद पुत्र मोहम्मद शरीफ निवासी रूद्र नगर वार्ड नंबर 6 नगर पंचायत महराजगंज कर रहा था, तथा गेहूं की बुवाई सुपर सीडर द्वारा जॉनडियर ट्रैक्टर से की जा रही थी। बताते हैं कि, दोपहर लगभग 3:30 बजे शार्ट सर्किट से ट्रैक्टर जलने लगा। जैसे ही ट्रैक्टर ड्राइवर व मालिक तथा खेत के स्वामी को घटना की जानकारी हुई वैसे ही अफरा तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। आसपास उपस्थित लोगों द्वारा दमकल विभाग और कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड व कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तब तक टैक्टर जलकर खाक हो चुका था।
ट्रैक्टर के मालिक मोहम्मद शाहिद पुत्र मोहम्मद शरीफ ने बताया कि, अभी नया ट्रैक्टर जॉनडियर को लिए हुए एक माह भी नहीं हुआ है और जुताई करते समय शार्ट सर्किट से अचानक आग लग गई, जिससे आग डीजल टंकी में पहुंच गई और आग के प्रचंड रूप ने ट्रैक्टर को अपने आगोश में ले लिया जिससे ट्रैक्टर जलकर खाक हो गया।




0 टिप्पणियाँ