रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों से संबन्धित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी सचिन यादव को सौंपा। दिए गए ज्ञापन में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक दल ने कहा है कि, राजस्व विभाग के रजिस्ट्रार राजस्व निरीक्षक राकेश कुमार यादव द्वारा पत्रावली स्वीकृत और रजिस्ट्री करण के नाम पर दस हजार से पन्द्रह हजार प्रति पत्रावली की वसूली करके किसानों का शोषण किया जा रहा है, जिसको अविलम्ब रोका जाए।
आपको बता दें कि, एसडीएम महराजगंज को दिए गए ज्ञापन में किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारी ने हल्का लेखपाल तुषार साहू व राजस्व निरीक्षक पर गलत पैमाइश कर क्षेत्र में किसानों को आपस में लड़वाने तथा ग्राम सभा भौसी में गाटा संख्या 1346 में कब्जा करवाने की नीयत से गलत पैमाइश का आरोप लगाया है।
इसके अलावा किसान नेताओं ने कहा है कि, बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे तक र्निबाधित विद्युत आपूर्ति दी जाए, और ग्राम सभा राघवपुर में अहोरवादीन पुत्र औसान के दरवाजे विद्युत पोल की अति आवश्यकता हैं, जिसे अविलम्ब लगवाया जाए के साथ-साथ तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अल्ट्रासाउंड मशीने लगवाए जाने की मांग की है इसके अलावा एक्सरे मशीनों को लगातार चलाए जाने की भी बात कही गई है। जिससे गरीब सहित आम जनमानस को लाभ मिल सके।
किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारी ने एसडीएम महराजगंज को दिए गए ज्ञापन में कहा है कि, राजस्व विभाग के कर्मचारियों द्वारा धन वसूली के उद्देश्य से भूमि पैमाइश के नाम पर तथा वसीयत के नाम पर की जा रही धन उगाही को अभिलंब रोका जाए, जिससे आम जनमानस को राहत मिल सके।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव, तहसील अध्यक्ष रामनरेश गौड़, उपाध्यक्ष श्रीनाथ, ब्लॉक अध्यक्ष लवकुश कुमार, महिला ब्लॉक अध्यक्ष नशरीन बानो, महामंत्री मंजूलता सोनी, बेचालाल पांडेय, अमर नाथ, रामलखन सहित दर्जनों किसान उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ