महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के गांव कुबना में बीती रात आयोजित एक तिलक समारोह में कार्यक्रम को कवर करने के दौरान ड्रोन कैमरा बरामदे की छत से टकराने के पश्चात नीचे बैठी महिला पर जा गिरा, इससे ड्रोन की पंखुड़ियों से महिला का चेहरा कट गया और वह लहुलुहान हो गई। आनन-फानन घायल महिला को सीएचसी ले जाया गया जहां उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
आपको बता दें कि, शिवगढ़ थाना क्षेत्र के रीवां गांव की रहने वाली रीता (40) पत्नी संजय महराजगंज कोतवाली क्षेत्र कुबना गांव में अपने रिश्तेदार सुचेंद्र बहादुर सिंह के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने आईं थीं, शुक्रवार की देर रात तिलक समारोह से जुड़ी सभी रस्में संपन्न हो रहीं थीं और रस्मों को ड्रोन कैमरे से कवर किया जा रहा था, तभी ड्रोन कैमरा घर के बरामदे में पहुंचा और बरामदे की छत से टकराकर नीचे बैठी रीता के ऊपर जा गिरा, जिससे ड्रोन की पंखुड़ियों से उसका चेहरा कट गया और वह गम्भीर रूप से घायल हो गई।
नाते रिश्तेदारों द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बेहतर देख डाक्टरों ने घर भेज दिया।


0 टिप्पणियाँ