महराजगंज/रायबरेली: जिलेभर में आज महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। शिवालयों पर सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ है। भक्त शिव मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर रहे हैं। बात अगर महराजगंज तहसील क्षेत्र की करें तो यहां महाशिवरात्रि की अलग ही धूम है। मंदिरों में सुबह आरती की गई और इसके बाद शिव भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक करना शुरू किया। शिव भक्त भोले बाबा के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे।
आपको बता दें कि, कस्बा स्थित श्री दानेश्वर प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से ही भक्तों का मेला लगा रहा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु महिला पुरूष यहां जलाभिषेक करने के लिए पहुंचे। मंदिर के बाहर दुकानें भी लगी हुई थी जिसमें बच्चों ने खिलौनों की जमकर खरीदारी की। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल मंदिर के बाहर तैनात नजर आया।
इसके अलावा क्षेत्र के मऊ गांव में प्राचीन ऊंचेश्वर महादेव मंदिर में सुबह पांच बजे से श्रृद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था, यहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाया। क्षेत्र के मोन, सिकंदरपुर, मुरैनी, ज्योना, चंदापुर, जनई, अशरफाबाद, बावन बुजुर्ग बल्ला, हलोर, जमुरावां, हरदोई, असनी, बरहुआं, पारा कला, पंचमुखी हनुमान मंदिर परे अहलादी आदि गांवों के शिवालयों में भारी भीड़ जुटी नजर आई। शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लाइन लगी रही। महिलाओं ने लाइन में लगकर जल चढ़ाया और परिवार की खुशहाली के लिए भगवान शिव से मन्नतें मांगी।
महाशिवरात्रि को लेकर क्षेत्र के शिव भक्तों में उत्साह नजर आया। गांव के मंदिरों में शिवरात्रि पर उपवास रखने वाली महिलाएं व युवतियां पहुंची। मंदिरों में भगवान शिव के भजनों पर शिव भक्त नृत्य करते हुए नजर आए।
ऊंचेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी श्याम लाल बाजपेई ने बताया कि, महा शिवरात्रि के त्यौहार पर सुबह पांच बजे से ही भक्तों का आना-जाना शुरू हो गया था। इस दिन भगवान शिव का उपवास रखना काफी फलदायी माना जाता है। शिवरात्रि के दिन भगवान भोले अपने भक्तों की भक्ति से प्रसन्न होकर उनकी हर मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।
महाशिवरात्रि पर सई नदी के तट पर स्थित श्री भंवरेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर के बाहर लगे मेले में श्रद्धालुओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की। मेले में ग्रामीण क्षेत्र से भी बच्चे अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे। सुबह से लेकर सायं तक मेला चला। मेले में काफी भीड़ दिखाई दी।
महा शिवरात्रि को लेकर मंदिर के बाहर पुलिस कर्मचारी ड्यूटी पर नजर आए। श्री भवरेश्वर मंदिर के बाहर व अंदर महिला पुलिस कर्मचारियों को भी ड्यूटी पर लगाया गया था। इसके साथ-साथ मंदिर के बाहर गेट पर पुलिस कर्मचारी ड्यूटी पर नजर आए। दिनभर पुलिस कर्मचारी मंदिर में आने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखे हुए थे।
श्री भंवरेश्वर शिव मंदिर के पुजारी ने बताया कि, महा शिवरात्रि के त्यौहार को लेकर मंदिर में विशेष प्रबंध किए गए हैं। मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंची महिलाओं व युवतियों को कोई परेशानी न आए इसके लिए पुलिस प्रशासन चप्पे चप्पे पर मुस्तैद रहा। वहीं भक्तों की सेवा के लिए सेवादारों की ड्यूटी भी लगाई गई थी।






0 टिप्पणियाँ