बाबा साहब के आदर्श मूल्यों को अपने जीवन में उतारना होगा : कैबिनेट मंत्री

 रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: बछरावां क्षेत्र के बगाही गांव की पावन मातृभूमि पर उत्तर प्रदेश सरकार की प्राविधिक शिक्षा कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण के प्रथम आगमन पर कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण व बछरावां विधानसभा क्षेत्र के तेजतर्रार विधायक राम नरेश रावत के स्वागत में महाबली वीरा पासी शौर्य महासभा द्वारा विशाल सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। सम्मान समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण, विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित भाजपा विधायक रामनरेश रावत व महाबली वीरा पासी शौर्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुज कुमार रावत द्वारा भगवान गौतम बुद्ध,भारतरत्न डॉ0 भीमराव अंबेडकर, महाराजा वीरा पासी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित करके किया गया। जिसके पश्चात भारी भरकम मालाओं एवं बुकों से प्राविधिक शिक्षा कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण व क्षेत्रीय विधायक रामनरेश रावत का बगाही की सर जमी पर ऐतिहासिक स्वागत किया गया। इस दौरान पासी महाराजाओं एवं कैबिनेट मंत्री और विधायक के जयकारों से समूचा सभास्थल गूंज उठा।
      आपको बता दें कि, स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण ने कहा कि, हम सभी के पूर्वज राजा रहे हैं महाराजा लाखन पासी, महाराजा वीरा पासी, उदा देवी जितने भी नाम लिए जाएं उत्तर भारत में ज्यादातर पासी महाराजाओं के राज्य रहे हैं। किंतु विडंबना है कि, महाराजाओं के वंशज हमारा पासी समाज आज विभिन्न मंचों में बट गया है। हम विभिन्न टुकड़ों में बढ़ चुके सभी अपने हैं आखिर हम जाना भी चाहें तो, कहां और किस मंच पर जाएं। अगर हमें अपने समाज को संगठित करना है और समाज के स्वाभिमान को बचाना है तो बाबा साहब के आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन में उतारना होगा और फिर से एक मंच पर सभी को आना होगा। बाबा साहब ने कहा था कि, शिक्षित बनो संगठित बनो लेकिन हम कहां शिक्षित बन रहे हैं और कहां संगठित हो रहे हैं।
     सरकार शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न सुविधाएं मुहैया करा रही है। यदि हम कक्षा आठ तक पढ़ाई कर सकते हैं तो स्नातक तक की भी पढ़ाई आसानी से कर सकते। हम उच्च शिक्षा ग्रहण करके अपने समाज को संगठित करने के साथ ही उच्च शिखर पर ले जा सकते हैं। कमला रानी वरुण ने मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि, भगवान राम, कृष्ण को नारी ने जन्म दिया है, भगवान बुद्ध, स्वामी विवेकानंद को नारी ने अपना दूध पिला कर पाला और बड़ा किया है। पुरुषों को तुमने जन्म दिया है पुरुषों से डरने की जरूरत नहीं है।
       श्रीमती वरुण ने कहा कि, नारी जीवन हर पल तू एक नई कहानी, तेरे आंचल में है दूध, फिर भी क्यों आंखों में पानी।
       कैबिनेट मंत्री ने कहा कि, आज के बाद यदि किसी ने आंख उठाकर बगाही गांव की तरफ देखा और लोगों को डराने धमकाने की कोशिश की तो, अच्छा नहीं होगा। जरूरत पड़ी तो बगाही गांव के स्वाभिमान के लिए वे स्वयं चलकर आएंगी।
      वहीं क्षेत्रीय विधायक रामनरेश रावत ने अपने संबोधन में कहा कि 1401 को एक के बाद कुछ पासी मतवाले निकले और उन्होंने मन में ठान लिया था कि तब तक पासी वीर गाथा गाएंगे जब तक कोई पासी महापुरुष पैदा नहीं हो जाता। पासी वर्ग अपने आपको जबरदस्ती शुद्र मानता घूम रहा है हम नागवंशी हैं भले ही क्षत्रियों वाला हमारा काम नहीं था पर राज्य करना या राज्य कार्य में सहयोग करना हमारा कार्य था। श्री रावत ने कहा कि, अपने पूर्वजों के सम्मान और स्वाभिमान को कभी गिरने नहीं देंगे आखिरी सांस तक उनकी लड़ाई पासी समाज के उत्थान के लिए जारी रहेगी। श्री रावत ने कहा कि, पासी समाज के उत्थान के लिए उन्होंने एक श्वेत पत्र भी जारी किया है। योगी आदित्यनाथ के द्वारा जल्द ही महाराजा बिजली पासी के किले का उत्थान कराया जाएगा।
      वहीं सम्मान समारोह में उपस्थित बब्लू पासवान, महाबली वीरा पासी शौर्य महासभा राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुज कुमार रावत व कार्यक्रम का सफल संचालन कर रहे हैं पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष देवतादीन पासी सहित वक्ताओं ने पासी समाज के महापुरुषों के जीवन पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। इस मौके पर प्रदीप कुमार ,रावत कुलदीप कुमार रावत ,वीरेंद्र कुमार रावत, सूरत सिंह रावत, बक्षराज रावत, बनवारी लाल रावत, राम जी, धर्मेंद्र दिलीप कुमार, शिवमंगल, रामअचल, धीरज, राममिलन सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ