हंसते-बोलते,मुस्कुराते होली हो-ली

प्रशासनिक प्रयासों को आदर दिया नगर के लोगों ने- 
आसमान से भी बरसता रहा रंग, शिमला-नैनीताल का एहसास किया होली खेलने वालों ने ---
मिर्जापुर । मां विन्ध्यवासिनी के श्री चरणों में स्थित नगर में उपद्र्वविहीन, टायर-ट्यूब विहीन होलिका-दहन, पाऊच से रंग खेलने में 50% के लगभग कटौती के बीच उमंग की होली स्नेह-प्रेम और सद्भाव के साथ मनाए जाने पर यह स्वतः सिद्ध हुआ कि प्रशासनिक अधिकारियों की इच्छाओं का जन-जन ने आदर किया और उसे मूर्त रूप दिया ।
10 दिनों का प्रभावी होमवर्क--
पिछले 4 माह से कमिश्नर, आईजी, डीएम, एसपी की नगर परिक्रमा का हर अवसरों पर यह प्रभाव दिखा कि इन महीनों में जितने पर्व विभिन्न समुदायों के पड़े, सब हंसते-मुस्कुराते सम्पन्न हुए । 
टॉप करते दिखे प्रशासनिक अधिकारी---
होली पर्व को सुसम्पन्न कराने के लिए आई जी श्री पीयूष श्रीवास्तव, डीएम श्री सुशील कुमार पटेल एवं एसपी डॉ धर्मवीर सिंह ने पहली ही परिक्रमा में बिजली तार के नीचे स्थापित होलिका में सावधानी बरतने, पर्यावरण क्षति पहुंचाने वाले टायर-ट्यूब, कूड़ा-करकट होलिका में न जलाने, उपद्रवियों को पाबंद करने आदि अनेक निषेधपरक आदेश जारी किए । शुरुआती परिक्रमा के बाद कोई दिन ऐसा नहीं रहा जब डीएम श्री पटेल एवं एसपी डॉ सिंह लंबे पलटन के साथ नगर की सड़कों पर न दिखाई पड़े हो । मृदुभाषी अधिकारियों की इच्छाओं को लोगों ने आदर दिया और जो संकल्प लिया उसे पूरा किया ।
गाली-गलौज, कीचड़ मुक्त रही होली-- 
उत्सव का आशय ही उपर की ओर उठना होता है न कि नीचे की ओर गिरना । होली के बहाने दुश्मनी भजाने वालों को चिह्नित करने के आदेश के चलते होली को कलंकित करने वाले दुबके ही रहे । 
कदम लड़खड़ाते नहीं दिखे--
पर्वों पर नशा, वह भी होली पर पूछना क्या ? बहुतेरे पीकर लड़खड़ाते नजर आते रहे लेकिन इस बार पीने वाले बंद कमरों में ही जाम छलका कर लुढ़क के सो गए । लिहाजा अस्पतालों में होली को घायलों की जो कतारें लगती थी, वह नहीं रही ।
पालीथिन का प्रयोग 50%कम रहा--
इस बार पालीथिन में रंग भरकर राहगीरों पर फेकने में 50% गिरावट रही । अच्छी बात यह रही कि होली पर नगर की सड़कें पालीथिन से पट जाती थी, उसे दो घण्टे में सफाईकर्मियों ने साफ कर दिया ।
आसमान भी खेलते दिखा --
बड़ी उम्र के लोगों के अनुसार उनके होश सम्हालने से अबतक पहली बार होली पर आसमान भी होली खेलते दिखा । पूर्वाह्न 10 बजे के करीब से अपराह्न 1 बजे तक लगा कि आसमान ने भी पिचकारी निकाल ली । ठंड बढ़ी लेकिन बच्चों एवं युवाओं पर ठंड का असर नहीं रहा । उन्हें अपना नगर ही शिमला-नैनीताल लगने लगा ।
शाम स्वादिष्ट व्यंजनों की भी हुई बरसात--
होली की शाम डीएम श्री पटेल एवं एसपी डॉ सिंह को लोग-बाग बेहतर होली के लिए बधाई देने पहुंचे तो दोनों अधिकारियों ने गुझिया सहित विविध व्यंजनों से मिठास में वृद्धि की । यही स्थिति घर घर में दिखी । एक दूसरे से मिलने पर गुझियां खाने-खिलाने का सिलसिला देखा गया ।
                      -सलिल पांडेय, मिर्जापुर ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ