कलियुग के आखिरी दिन भ्रम के बादल पूरे दिन मंडराते रहे

नगर का एक दवा विक्रेता क्वारन्टीन हुआ--
दुकानदार क्वारन्टीन हुआ दवा बेचते-बेचते-
मिर्जापुर । शनै: शनै: लॉकडाउन की चालीसा का दिन 3 मई नजदीक आता जा रहा है, लोग बंद पिंजड़े से निकलने के लिए फड़फड़ा रहे हैं, वहीं शनिवार को संभवतः शनिदेव ने भृकुटी टेढ़ी कर ली, लिहाजा सत्ययुग और त्रेता की प्रारंभ तिथि के पूर्व दिवस पर आकाश से लेकर धरती तक पर भ्रम बादल बनकर इतरा रहा था । मौसम में कभी धूप-छांव से किसान मायूस होते रहे तो केंद्र सरकार के दुकान खोलने के परिपत्र को लेकर दुकानदार । इसी बीच महर्षि परशुराम जयंती को लेकर उनके प्रति आस्थावान भ्रम में थे कि शनिवार(25/4)को जयंती मनाएँ या रविवार(26/4) को । इसी बीच नगर के एक दवा विक्रेता के क्वारन्टीन होने की खबर स्वास्थ्य विभाग सहित उससे मिलने वाले बेचैनीयुक्त भ्रम में थे ।
कचहरी के पास रमईपट्टी का दवा-विक्रेता क्वारन्टीन--
 यह दवा विक्रेता गत दिवस दवा लेने वाराणसी की दवामंडी सप्तसागर गया था । जब उसे पता चला कि सप्तसागर कोरोना के मामले में सर्पसागर हो गया है तो वह घबराया हुआ CMO के पास गया । मामले को गम्भीरता से लेते हुए CMO डॉ ओपी तिवारी ने एक सप्ताह के लिए क्वारन्टीन कर लिया । डॉ तिवारी ने बताया कि जांच समय पर कराई जाएगी । बहराल इस वाकए से आसपास लोगों में बेचैनी है ।
दुकानों के खुलने को लेकर उमड़ते-घुमड़ते रहे भ्रम के बादल- शनिवार का दिन ही बादलों के साथ हुआ । सो सरकारी तंत्र पर इसका खूब असर रहा । केंद्र सरकार के दुकान  खुलने की खबर प्रवाहित होने से दुकानदार जल्दी जल्दी नाश्तापानी कर बंद गुल्लक में लक्ष्मी के आगमन की तैयारी कर रहे थे । हालांकि बहुतों को लगा कि जब जिला प्रशासन अनुमति नहीं देगा तब तक दुकानें नहीं खुल सकेंगी । इसी पूछताछ में DM श्री सुशील कुमार पटेल एवं ADM श्री यूपी सिंह स्थिति स्पष्ट करते रहे कि ऐसा कोई आदेश नहीं हुआ है ।
परशुराम जयंती को लेकर भ्रम- शनिवार को तृतीया तिथि पूर्वाह्न 10:17 पर लगने से भ्रम हो गया । चूंकि इस दिन रोहिणी नक्षत्र 7:34 पर लग रही थी, लिहाजा अक्षय तृतीया की मान्यता रविवार को होगी । अक्षय तृतीया की वजह से कुछ लोग  परशुराम जी की रविवार को मान रहे है जबकि प्रमुख आर्थोपेडिक सर्जन के निर्देशन में चलने वाली ब्राह्मण कल्याण समिति ने वास्तविक तिथि शनिवार को ही अपने सदस्यों को जूम एप पर वेविनार सिस्टम डाउनलोड कराकर सायं अंतरिक्ष (ऑनलाइन) के जरिए जयंती मनाई । इसमें डॉ गणेश प्रसाद अवस्थी, डॉ संजय मिश्र, अविनाश पांडेय, मनोज द्विवेदी, विजय दुबे एवं त्रिभुवन दुबे ने महर्षि के बारे में ज्ञान का आदान प्रदान किया ।
सेवा में समर्पित संस्था - कोरोना को चुनौती देने में जज्बे को वरीयता देने की परिपाटी शुरू कर नगर की ज्ञानोदय शिक्षा समिति की डायरेक्टर पूर्व प्रोग्राम आफिसर डॉ आशाराय ने बाल सम्प्रेक्षण गृह में निरुध्द बच्चों के लिए अपनी संस्था में तैयार मास्क जिला प्रोबेशनरी आफिसर श्री गिरीशचंद दुबे को भेंट किया । इस मौके पर डॉ रमेश एवं सतीश शर्मा मौजूद रहे ।
                    सलिल पांडेय, मिर्जापुर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ