संकट के समय मदद के लिए स्वतः कूद पड़ना ही ईश्वरीय कार्य है ।

कोरोना वायरस को मसल देने में प्रबुद्ध तबका ताल-ठोक कर आगे आया--
OBT ने मास्क के लिए दी मशीन और राहतकोष में भेजा 25 लाख--
मिर्जापुर । किसी भी प्रतिरोधात्मक अभियान में जनशक्ति की भागीदारी सफलता की पहली सीढ़ी होती है । जिले में कोरोना महामारी से जूझते प्रशासन के इस अभियान में जागरूक और प्रबुद्ध वर्ग भी वैसे ही कूद पड़ा है जैसे रावण-बध के लिए बन रहे पुल में नर-वानर सहित गिलहरी भी कूद पड़ी थी जिसका उल्लेख अभी तक होता चला आ रहा है ।
जागरुकता तो चिंगारी है- जागरूकता की अग्नि प्र्ज्वलित करने के लिए यहां व्यक्तिगत स्तर पर बड़े निराले अंदाज़ में कलात्मक अभिरुचि के श्री आशीष श्रीवास्तव एक विशेष रथ लेकर घूमते दिख रहे हैं । बिना किसी के सहयोग के श्री श्रीवास्तव के खुद से बनाए अनेक स्लोगन 'कोरोना से यदि बचना है तो घर में सबको रहना है' बरबस लोगों के अंतर्मन को इसलिए स्पर्श कर रहा है कि इसमें जीवन की महत्ता के लिए सुख-सुविधाओं के त्याग को वरीयता दी गई है । इस रथ की अपील में आत्मीयताकी खुशबू झलकती है।
OBT कोरोना का गला टीपने पर उतरा- कालीन की प्रमुख निर्यातक कम्पनी ओबीटी ने कोरोना को 'टे' करने के लिए मास्क बनाने के लिए जिला कारागार को दो सिलाई मशीनें अपनी ओर से दी, साथ ही  कम्पनी के वरिष्ठ अधिकारी श्री राजेश कुमार मिश्र जो लायन्स क्लब के भी पदाधिकारी हैं, ने क्लब की ओर से भी एक मशीन दी । मशीन देने के बाद श्री मिश्र ने एक हजार मास्क जिला जेल से 10/- प्रत्ति पीस के साथ वितरण के लिए ख़रीदा भी । OBT कम्पनी की ओर से पूर्व MD श्री बी आर शर्मा के निर्देशन में भदोही में दो हजार जरूरतमन्दों को खाद्यान्न वस्तुएं दी गईं । कम्पनी ने मिर्जापुर हेड आफिस से 25 लाख रुपए पीएम केयर फंड में भी भेजा है ।
किशोरी-बंदियों का योगदान-पक्के पोखरा स्थित ज्ञानोदय संस्था में 16 वर्ष से नीचे की जेल में निरुध्द किशोरियां भी 10/- मूल्य पर मास्क बना रही है । जेल की संचालिका अवकाशप्राप्त प्रोगाम आफिसर डॉ आशाराय ने मास्क के शार्टेज को देखते हुए बंदी किशोरियों को प्रशिक्षित कर इस काम में लगा दिया है ।
PWD के इंजीनियर असहायों के लिए खड़े और अड़े- इस विभाग के निर्माण खण्ड के अधिशासी अभियंता श्री कन्हैया झा तथा प्रांतीय खण्ड के अधिशासी अभियन्ता श्री देवपाल अपने चीफ इंजीनियर श्री वाई के शर्मा तथा अधीक्षण अभियंता श्री अनिल कुमार मिश्र के मदद के प्रोजेक्ट को साकार किया । डिप्लोमा इंजीनियर संघ के नेता श्री विनोद कुमार सिंह ने सेतु निगम, एनएच के अभियंताओं के अलावा संविदाकारों को इस अभियान से जोड़ा । इस प्रकार विगत 20 दिनों से जरूरतमंदों को खाद्यान्न PWD बांट रहा है । इस अभियान में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री वृजभूषण सिंह का भी साथ मिल गया है। सहायक अभियंताओं में श्री जीतेंद्र सिंह, श्री तेज प्रताप सिंह, श्री के पी सिंह आदि दर्जनों अभियन्ता सामूहिक यज्ञ में भागीदारी निभा रहे हैं ।
उत्तम सेवा- धर्मशास्त्रों के अनुसार संकट के समय बिना किसी के कहे सहयोग में उतरना ईश्वरीय कार्य बताया गया है । ऐसे अभियानों की गाथा गायी गई है । जबकि इस तरह के अभियान में अवरोध उत्पन्न करने को हेय बताया गया है।
                     सलिल पांडेय, मिर्जापुर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ