क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र चतुर्वेदी के हस्तक्षेप से कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया दहेज हत्या का मामला।। Raebareli news ।।

 रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के पहरावा गांव की रहने वाली एक विवाहिता की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान विगत 2 जून को हुई मौत के मामले में मृतिका के भाई ने मृतिका के पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा कोतवाली महराजगंज में पंजीकृत कराया है।
    आपको बता दें कि, पुलिस को दी गई तहरीर में गांव विक्रमा थाना मिल एरिया के रहने वाले रामप्रकाश यादव पुत्र ननकऊ ने आरोप लगाया है कि, उसकी बहन सोनी यादव का विवाह 8 मई 2014 को महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के पहरावा गांव निवासी पंकज उर्फ गुड्डू के साथ हुआ था। शादी के दौरान उन लोगों ने अपनी हैसियत के मुताबिक दान दहेज दिया था। किंतु उसका बहनोई पंकज यादव उर्फ गुड्डू तथा उसकी मां मिटाना देवी, उसका पिता जगदीश प्रसाद तथा भाई नीरज ने दहेज मन मुताबिक न होने के कारण अक्सर उसकी बहन से मारपीट किया करते थे। यह बात उसने समय-समय पर प्रार्थी व उसके घर वालों को बताया था।
     घटना दिनांक 30 मई 2020 को उसका बहनोई पंकज यादव प्रार्थी की बहन को विदा करवा कर अपने घर ले गया और उसी दिन से चारों प्रतिपक्षियों ने उसकी बहन को खाना पीना देना बंद कर दिया, तथा अत्यधिक मारा-पीटा जिससे उनकी बहन चोरी चुपके अपने मायके पहुंच गई। 2 जून को ही गंभीर रूप से घायल अपनी बहन को उसने जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
     रामप्रकाश का यह भी कहना है कि, उसने रिपोर्ट लिखाने के लिए काफी प्रयास किया। किंतु पुलिस ने एफ आई आर दर्ज नहीं की। तो उसने पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी महराजगंज राघवेंद्र चतुर्वेदी से मिलकर अपनी व्यथा कथा सुनाई। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप से पुलिस ने चारों अभियुक्तों के विरुद्ध दहेज हत्या व उत्पीड़न के मामले को लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
    मामले में कोतवाल अरुण कुमार सिंह का कहना है कि, वादी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। विवेचना के उपरांत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ