महराजगंज तहसील परिसर में कभी भी फूट सकता है कोरोना का बम।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: जिले में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रशासन सोशल डिस्टेंसिंग बनाने में नाकाम साबित हुआ है। जिसका प्रमाण है कि, जिला अस्पताल, बछरावां सीएचसी एंव मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय जैसे महकमों के परिसर में कोरोना संक्रमित लोक पाए गए हैं, और इन कार्यालयों को सील करना पड़ा है। अब यह खतरा महराजगंज के तहसील परिसर में भी मंडराता दिख रहा है। क्योंकि यहां लोगों के आने-जाने पर कोई रोक-टोक नहीं है। सैकड़ों की तादात में लोग सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ते हुए तहसील में सुबह से शाम तक जमावड़ा लगा कर रखते हैं। जिससे यहां के काम करने वाले कर्मचारियों के अलावा अधिवक्ता गण और बैनामा लेखक सहमे हुए हैं। क्योंकि अधिकतर लोग मास्क नहीं पहने रहते हैं, और जो लोग अंगोछा भी डाले रहते हैं, उससे मुंह व नाक नहीं ढकते, सिर्फ दिखावे के लिए ही अपने गले में डाले रहते हैं।
    आपको बता दें कि, महराजगंज तहसील परिसर में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, चकबंदी एंव पुलिस क्षेत्राधिकारी के कार्यालय हैं, साथ ही लेखपाल, कानूनगो, अमीन आदि यही बैठकर सरकारी कामकाज करते हैं, और यहां अदालतें भी चलती हैं। जिसके चलते रोजाना दो ढाई हजार आदमी तहसील परिसर आते जाते रहते हैं। सबसे बड़ी भीड़ कंप्यूटरीकृत इंतखाब, खतौनी के काउंटर पर लगती है। यहां तहसील में प्रवेश के वैसे तो 6 गेट बने हुए हैं, लेकिन तहसीलदार विनोद कुमार सिंह की कड़ाई के चलते महज एक ही गेट खुला हुआ है। तब भी जा कर यह नौबत है कि, भीड़ संभाले नहीं संभलती। 
     पिछले दिनों जब तहसील का गेट खोला गया था, तो एकमात्र प्रवेश द्वार पर सीएचसी महराजगंज द्वारा एक कर्मचारी बैठाया गया था, जो तहसील के अंदर प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति के तापमान की कंप्यूटरीकृत जांच करता था। अब मजे की बात यह है कि, जब आने जाने वाले लोगों की तादात बढ़ी, तो वह कर्मचारी नदारद हो गया है।
     तहसील परिसर में तहसील क्षेत्र ही नहीं देश और प्रदेश के बड़े शहरों से लोग अपने काम से आते जाते रहते हैं। जिससे यह आशंका बनी रहती है कि, कहीं संक्रमण लेकर कोई बाहरी यहां ना आ जाए। तहसील के अधिकतर अधिवक्ता लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की हिदायत जरूर देते हैं, लेकिन फिर भी अधिकांशत: लोग इसका पालन नहीं करते हैं। इससे तहसील परिसर में किसी दिन कोरोना बम फूटने की पूरी आशंका है।
    इस बाबत जब हमारे संवाददाता ने तहसीलदार विनोद कुमार सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि, तहसील को प्रतिदिन सेनीटाइज कराया जा रहा है। इसके अलावा अभियान चलाकर बगैर मास्क बांधे लोगों के खिलाफ कार्यवाही भी की गई है। तहसील कर्मी अपनी ओर से पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। उन्होंने सभी लेखपाल, राजस्व संग्रह अमीन और अधीनस्थों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए नजर बनाए रखने का निर्देश दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ