यहां के कुक व वेटर पहुंचे अयोध्या, मेहमानों को परोसेंगे भोजन और नाश्ता


ब्यूरो रिपोर्ट
कुशीनगर: अयोध्या में बुधवार को होने वाले ऐतिहासिक आयोजन के खास मेहमानों की खातिरदारी में भी कुशीनगर का योगदान होगा। यहां के पर्यटन विभाग के होटल पथिक निवास से एक कुक व एक वेटर खास तौर पर अयोध्या भेजे गए हैं। इस आमंत्रण से यहां के होटल व्यवसायी भी आह्लादित हैं। 
      आपको बता दें कि, अयोध्या में पांच अगस्त को श्रीराम मंदिर के भव्य निर्माण के लिए भूमि पूजन का कार्यक्रम है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, श्री राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी, ख्याति प्राप्त मठों व मंदिरों के प्रमुख, विहिप के पदाधिकारियों समेत देश के तमाम अति विशिष्ट लोग शामिल होंगे। उनके जलपान व भोजन की व्यवस्था पर्यटन विभाग के जिम्मे है। इसके लिए कुशीनगर से होटल पथिक निवास के एक कुक संजीव वंदोपाध्याय व वेटर तोप बहादुर थापा अयोध्या में संचालित यात्री निवास पहुंच गए हैं।
     कुक संजीव वंदोपाध्याय को भारतीय व्यंजनों के अलावा विदेशी व्यंजन बनाने का भी अनुभव है। वे अंतरराष्ट्रीय फूड फेस्टिवल में थाईलैंड व गुजरात जा चुके हैं। कुशीनगर आए पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के लिए जलपान व भोजन भी बना चुके हैं। वेटर तोप बहादुर थापा भी कुशल वेटर माने जाते हैं।   पथिक निवास होटल के प्रबंधक राजेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि, कुक संजीव वंदोपाध्याय लगभग 11 वर्षों से सेवारत हैं। वहीं वेटर तोप बहादुर थापा भी तीन वर्षों से सेवा दे रहे हैं। इन दोनों लोगों को अयोध्या में अहम जिम्मेदारी मिली है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ