मुकदमा जीतने का उलाहना देने पर नाराज लोगों ने किया कातिलाना हमला, चार घायल, एक की हालत नाजुक, ट्रामा सेंटर रेफर।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: जमीन का मुकदमा जीतने का उलाहना देने पर हारे हुए पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों कुल्हाड़ी और सरिया से लैस होकर दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक एलएलबी के छात्र की हालत को नाजुक देखते हुए उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तहरीर मिलने पर पांच हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

    आपको बता दें कि, कोतवाली क्षेत्र के कुसुढ़ी सागरपुर गांव में उदय राज मौर्या और सूरज मौर्या के मध्य अदालत में मुकदमा चल रहा था, बताते हैं कि, इस मुकदमे में उदयराज का पक्ष जीत गया। इसी बात को लेकर वह दूसरे पक्ष को अक्सर उलाहना दिया करते थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनातनी बनी हुई थी। बीती रात घटना के पहले दोनों पक्षों में कुछ कहासुनी हुई, उसके बाद आरोप है कि, दूसरे पक्ष के राम सजीवन, सूरज मौर्या पुत्रगण माता प्रसाद और चंद्रेश मौर्या रत्नेश मौर्या पुत्रगण सूरज मौर्या तथा सर्वेश मौर्या पुत्र राम सजीवन लाठी-डंडें और कुल्हाड़ी हाथ में लेकर उदय राज मौर्या के घर पर चढ़ आए और वहां जो मिला उस पर हमला बोल दिया। 

     लगभग पंद्रह 20 मिनट तक चलु मारपीट की घटना में एलएलबी के छात्र मोहित मौर्या उसके भाई प्रदीप, संदीप पुत्रगण उदय राज व उदय राज स्वयं गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाल अरुण कुमार सिंह और एसएसआई प्रमोद कुमार भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंच गए। पुलिस को आता देख हमलावर मौके से खिसक लिए। घायलों को पुलिस इलाज के लिए सीएचसी लाई, जहां एलएलबी के छात्र मोहित मौर्या की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है।

    पुलिस ने उदय राज मौर्य की तहरीर पर राम सजीवन, सूरज, चंद्रेश, रत्नेश, सर्वेश के विरुद्ध धारा 147, 452, 324, 504, 506, 427, 307 आईपीसी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

     मामले में कोतवाल अरुण कुमार सिंह का कहना है कि, तहरीर दर्ज करके अभियुक्तों की खोजबीन शुरू कर दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ