सपा के पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने भरी हुंकार, हर बूथ पर अबकी बार आर-पार।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महाराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के मऊ गांव में महराजगंज इन्हौना मार्ग पर स्थित श्याम भवन सिंह के प्रतिष्ठान पर, कैड़ावा, हलोर, कुबना में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी बछरावां विधानसभा क्षेत्र का बूथस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। मऊ में सम्मेलन के आयोजक श्याम भवन सिंह रहे। 

    आपको बता दें कि, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बछरावां के पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि, साम्प्रदायिक ताकतें देश को कमजोर कर रहीं हैं। आम आदमी की समस्याओं पर बात न कर लगातार उन्हें भटकाने की कोशिश हो रही है। श्री अकेला ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि, अबकी बार उन्हें आर-पार की लड़ाई लड़नी है। हालांकि उन्होंने मऊ, ताजुद्दीनपुर, सिकंदरपुर, कैड़ावा, ठाकुरपुर को समाजवादी पार्टी का सबसे मजबूत क्षेत्र बताया है।

      श्री अकेला ने यह भी बताया कि, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विगत रविवार को अगस्त क्रांति की भावना को उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के लक्ष्यों से जोड़ते हुए अपने सभी कार्यकर्ताओं के लिए 22 में बाइसिकल (वर्ष 2022 बाइसिकल) का संदेश जारी किया है। अकेला ने बताया कि, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने 12 पन्ने के संदेश में कहा है कि, 1942 की अगस्त क्रांति की अवधारणा के आधार पर वर्ष 2022 में सपा की सरकार बनने पर वैचारिक आंदोलन के जरिए स्वतंत्रता संग्राम के सपनों को साकार करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि, अगर मानवता को पूंजी और सत्ता की हिंसा से मुक्त दिलानी है, तो समाजवाद का सपना देखना होगा। वर्ष 2022 में हमें अपनी तैयारियों को लेकर कोई कसर बाकी नहीं रखनी है। 2022 में समाजवादी सरकार का काम जनता के नाम का उद्घोष रहेगा।

    उन्होंने बताया कि, अगस्त क्रांति के शहीदों का सपना देश में किसान मजदूर और युवाओं का राज्य स्थापित करना था। इस सपने को अमलीजामा पहनाने की जिम्मेदारी है। समाजवादियों ने अगस्त क्रांति और जेपी आंदोलन के दौरान अग्रणी भूमिका निभाई थी। उसी तरह आज भी समाजवादी लोग एकजुट होकर संवैधानिक मूल्यों को बचाने और उन्हें बहाल करने की भूमिका निभाएंगे।

    कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रहे बछरावां विधानसभा अध्यक्ष राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महाराज ने बूथ पर मतदाताओं की संख्या बढ़ाने और उन्हें पार्टी की नीतियों से जोड़ने के तरीके बताए।  उन्होंने बताया कि, बछरावां विधानसभा के अंतर्गत एक बूथ पर एक प्रभारी 1 सहप्रभारी तथा आठ सहयोगी होंगे, विधानसभा में कुल 359 बूथ है, जिनको 36 सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर प्रभारी 10 बूथों का संचालन करेगा।

      श्री त्रिवेदी ने कहा कि, भाजपा ने विनाशकारी रास्ता अपना लिया है, और लोकतंत्र की आवाज को अनसुना कर दिया है। सत्ता पर एक अधिकारी मानसिकता भाजपा में फूट फूट कर भरी हुई है। आज विचारधाराओं में टकराव है। एक तरफ लोकतंत्र है, तो दूसरी तरफ खुद को सबसे ऊपर दिखाने की एकाधिकारवाद मानसिकता है। अब हमें तय करना होगा कि, किधर जाना है।

     श्री त्रिवेदी ने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस और भाजपा दोनों ने केंद्र और राज्यों में सरकारें चलाई हैं, और दोनों ने ही संविधान की मूल भावना को ठेस पहुंचाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। इसके कारण संवैधानिक संस्थाओं में जन विश्वास को खतरा पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि, भाजपा सरकार सपा नेताओं को अपमानित करने और झूठे मुकदमों में फंसा कर समझाती है कि, इससे सपा का मनोबल तोड़ा जा सकता है, लेकिन यह उसकी खामख्याली है।

     वहीं कार्यक्रम आयोजक श्याम भवन सिंह ने कहा कि, हर बूथ पर युवा शक्ति को एकजुट होना होगा, ताकि समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूती प्रदान की जा सके।

    इस मौके पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए वासुदेव सिंह, मोंगा सिंह, वरिष्ठ सपा नेता लखनऊवा, अब्दुल रहमान, दीपक सिंह भदोरिया, सतीश सिंह, मोतीलाल वर्मा, मुन्ना, संत बक्स सिंह, वरिष्ठ व्यवसाई अंजनी गुप्ता, डब्बू सिंह प्रधान प्रतिनिधि सिकंदरपुर, टिर्रु, अवधेश यादव, मोहम्मद ऐश, राम शंकर गुप्ता सहित सैकड़ों की तादाद में लोग मौजूद रहे।     

     कार्यक्रम का संचालन राजकुमार सिंह उर्फ मोंगा ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ