भगवान राम, माता सीता और रामायण की गाथा हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक स्मृतियों में प्रकाशपुंज की तरह-प्रियंका गांधी।। Raebareli news ।।

🔺रामलला के मंदिर का भूमिपूजन राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का कार्यक्रम बने-प्रियंका गांधी
🔺युग-युगांतर से भगवान राम का चरित्र मानवता को जोड़ने का सूत्र रहा है-प्रियंका गांधी
🔺राम सबके हैं और सबका कल्याण चाहते हैं-प्रियंका गांधी
🔺गांधी के रघुपति राघव राजा राम सबको सम्मति देने वाले हैं-प्रियंका गांधी
🔺भगवान राम, माता सीता और रामायण की गाथा हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक स्मृतियों में प्रकाशपुंज की तरह-प्रियंका गांधी
🔺रामलला के मंदिर का भूमिपूजन राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का कार्यक्रम बने: प्रियंका गांधी
रायबरेली/लखनऊ: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने जारी प्रेसनोट में कहा है कि, 5 अगस्त, 2020 को रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम उनके संदेश को प्रसारित करने वाला राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का कार्यक्रम बने।
     आपको बता दें कि, श्रीमती वाड्रा ने कहा कि, दुनिया और भारतीय उपमहाद्वीप की संस्कृति में रामायण की गहरी और अमिट छाप है। भगवान राम और माता सीता तथा रामायण की गाथा हजारों वर्षों से हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक स्मृतियों में प्रकाशपुंज की तरह आलोकित है।
     उन्होंने जारी व्यक्तव्य में कहा है कि, भारतीय मनीषा रामायण के प्रसंगों से धर्म, नीति, कर्तव्यपरायणता, त्याग, उदात्तता, प्रेम और सेवा की प्रेरणा पाते रहे है। उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम तक रामकथा अनेक रूपों में स्वयं को अभिव्यक्त करती चली आ रही है। श्रीहरि के अनगिनत रूपों की तरह ही रामकथा हरिकथा अनंता है।
     राष्ट्रीय महासचिव ने कहा है कि, युग-युगांतर से भगवान श्री राम का चरित्र भारतीय भूभाग में मानवता को जोड़ने का सूत्र रहा है। भगवान श्री राम आश्रय हैं और त्याग भी। राम सबरी के भी हैं, सुग्रीव के भी। राम वाल्मीकि के हैं और भास के भी। राम कंबन के हैं और एषुत्तच्छन के भी। राम कबीर के हैं, तुलसीदास के हैं, रैदास के हैं। सबके दाता राम हैं। गांधी के रघुपति राघव राजा राम सबको सम्मति देने वाले हैं। वारिस अली शाह कहते हैं जो रब है वही राम है।
     उन्होंने कहा है कि, राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त राम को ‘निर्बल का बल’ कहते हैं। तो महाप्राण निराला ‘वह एक और मन रहा राम का जो न थका’ की कालजयी पंक्तियों से भगवान राम को ‘शक्ति की मौलिक कल्पना’ कहते हैं। राम साहस हैं, राम संगम हैं, राम संयम हैं, राम सहयोगी हैं। राम सबके हैं। भगवान राम सबका कल्याण चाहते हैं। इसीलिए वे मर्यादा पुरुषोत्तम हैं।
     जारी बयान में महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी ने कहा है कि, आगामी 5 अगस्त, 2020 को रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम रखा गया है। भगवान राम की कृपा से यह कार्यक्रम उनके संदेश को प्रसारित करने वाला राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का कार्यक्रम बने। उन्होंने अपना बयान जय सियाराम के साथ खत्म किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ