Ram Mandir Ayodhya: भूमि पूजन करते हुए PM मोदी को देखकर मां हीराबेन हुईं भावुक, हाथ जोड़े देख रहीं थींं TV।। Raebareli news ।।

पारंपरिक धोती-कुर्ता पहने प्रधानमंत्री ने अयोध्‍या में भूमि पूजन कर राम मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी, तो मां हीराबेन के हाथ श्रद्धा से उठे
शिवाकांत अवस्थी
रायबरेली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब अयोध्‍या में राम मंदिर भूमिपूजन के कार्यक्रम में पूजा में भाग ले रहे थे, तब उनकी मां हीराबेन गांधीनगर में अपने निवास पर टीवी पर लाइव प्रसारण देख रहीं थी। मां हीराबेन अपने प्रधानमंत्री बेटे को अयोध्‍या में भूमि पूजन करते हुए देखकर काफी भावुक नजर आईं। जब पीएम मोदी भगवान राम की प्रतिमा के सामने साष्‍टांग दंडवत थे, तब मां हीरा बेन भी अपने हाथों को जोड़े हुए टीवी पर लाइव कार्यक्रम देख रहीं थीं।
      आपको बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को आयोध्‍या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर’ का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। पारंपरिक धोती-कुर्ता पहने प्रधानमंत्री ने इससे पहले भूमि पूजन कर राम मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी। अपने संबोधन से पहले, प्रधानमंत्री ने मंदिर निर्माण की आधारशिला से संबंधित एक पट्टिका का अनावरण किया और इस मौके पर श्री राम जन्मभूमि मंदिर’ से संबंधित विशेष डाक टिकट भी जारी किया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में सियापति रामचंद्र’ का जयकारा लगाया।
    अयोध्या पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर हनुमान जी की पूजा-अर्चना की और फिर राम जन्मभूमि क्षेत्र पहुंचकर भगवान राम को दंडवत प्रणाम किया और पारिजात का पौधा लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि, राम मंदिर राष्ट्रीय एकता व भावना का प्रतीक है तथा इससे समूचे अयोध्या क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में सुधार होगा। राम मंदिर को भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत का द्योतक बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि, सदियों का इंतजार आज खत्म हो रहा है। यह न सिर्फ आने वाली पीढ़ियों को आस्था और संकल्प की, बल्कि अनंतकाल तक पूरी मानवता को प्रेरणा देगा।
      प्रधानमंत्री ने इस मौके पर यह भी कहा कि, जिस प्रकार स्वतंत्रता दिवस लाखों बलिदानों और स्वतंत्रता की भावना का प्रतीक है, उसी तरह राम मंदिर का निर्माण कई पीढ़ियों के अखंड तप, त्याग और संकल्प का प्रतीक है. ''श्री राम जन्मभूमि मंदिर’ का शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री ने एक समारोह को संबोधित किया और इसकी ''शुरुआत सियावर रामचंद्र की जय'' के उद्घोष से की।
     इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास सहित बड़ी संख्या में साधु-संत मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ