रजनीकांत अवस्थी
महाराजगंज/रायबरेली: तहसील महाराजगंज के बछरावां थाना अंतर्गत राजा मऊ बाजार में दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी को लेकर जमकर लाठियां चली। जिसमें 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आपको बता दें कि, थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र में एक पक्ष से अमरेश पुत्र रघुनंदन द्वारा अपने ही गांव के ओम प्रकाश पुत्र रामस्वरूप, सोहन, रितिक व ऋषि पुत्रगण ओम प्रकाश के विरुद्ध आरोप लगाया गया है कि, उनका पुत्र कृष्णा रास्ते में आ रहा था, तभी उपरोक्त चारों लोगों द्वारा यह कहते हुए कि, उन्हें इन्होने धक्का मारा है और पीटने लगे। अमरेश का कहना है कि, अपने बेटे को बचाने के लिए जब वह दौड़ कर गए, तो चारों लोगों के द्वारा उन्हें लाठियों से जमकर मारा गया, जिसमें उनका पुत्र तथा वह स्वयं गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष के रितिक द्वारा गोपाल व कृष्णा पुत्रगण अमरेश एवं अमरेश की पत्नी नाम अज्ञात के विरुद्ध दुकान पर आकर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों पक्षों की तहरीर पर प्रथम सूचना दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया है, जिसमें अमरेश व कृष्णा की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जांच अधिकारी अरशद नदीम ने बताया कि, जांच करने के बाद जो भी दोषी मिलेगा, उसके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।




0 टिप्पणियाँ