रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के गांव सेनपुर मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला में दबंगों ने दुस्साहस दिखाते हुए पहले तो गांव सभा की लगभग 10 बीघे जमीन पर अवैध कब्जा करते हुए धान की फसल उगा ली, पता चलने पर तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने अवैध कब्जे दारो को नोटिस भेजकर जमीन पर खड़ी फसल को नीलाम कराने का निर्णय लिया। उधर राजस्व कर्मी खड़ी फसल को नीलाम करवाने के लिए मौके पर पहुंचे, तो पता चला कि, 4 दबंगों ने रातों-रात चरागाह पर खड़ी फसल काटकर उठा ले गए। मामले में तहसीलदार ने कठोर रुख अख्तियार करते हुए चारों दबंगों के विरुद्ध एफ आई आर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। हल्का लेखपाल ने थाने में तहरीर दे दी है।
आपको बता दें कि, सेनपुर और अजीजगंज के बीच गौशाला से सटी हुई चरागाह की भूखंड संख्या 5724 रकबा 2.853 हेक्टेयर पर अवैध रूप से कब्जा करके धान की फसल लगा रखी थी। एक मामले में मौके की जांच करने गए तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने चरागाह की जमीन पर अवैध कब्जा देखा, तो उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल और कानूनगो को अवैध कब्जे दारो को चिन्हित करके उन्हें नोटिस जारी करने के लिए कहा। इसी क्रम में कानूनगो श्रीकांत पांडेय और हल्का लेखपाल विपिन कुमार मौर्या ने मौके पर पहुंचकर सभी कब्जे दारो को कारण बताओ नोटिस थमा दी, और नीलामी की तारीख विगत बुधवार को नियत कर दी थी।
लेकिन मौके पर कानूनगो लेखपाल नीलामी के लिए पहुंचे, तो देखा कि, लगभग 7 बीघा धान की फसल 4 अवैध कब्जे दार रातो रात काट कर उठा ले गए। यह जानकारी लेखपाल कानूनगो ने तहसीलदार विनोद कुमार सिंह को दी। जिस पर तहसीलदार ने राजस्व कर्मियों को कड़े निर्देश दिए कि, मामले की थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। इसी क्रम में लेखपाल विपिन कुमार मौर्या ने बताया कि, चारों दबंगों के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी गई है। कोतवाल श्री राम का कहना है कि, तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज करके कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ