महाराजगंज/रायबरेली: नवरात्रों पर जनपद के महराजगंज कस्बा स्थित मां जसवंतरी देवी प्रांगण में आयोजित 36वें जवाबी कीर्तन समारोह में कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य तथा चेयरमैन पति प्रभात साहू ने नगर की जनता के मांगलिक कार्यों को ध्यान में रखते हुए बछरावां विधायक राम नरेश रावत से अपने संबोधन के दौरान एक बारात घर बनवाने की अपील की। जिस पर बछरावां विधायक राम नरेश रावत ने प्रभात साहू को भामाशाह का खानदानी बताते हुए कहा कि, आपको रुपयों की क्या जरूरत है, आप तो खुद दानी भामाशाह के खानदानी हैं।
उन्होंने बताया कि, भामाशाह के सहयोग ने ही राणा प्रताप को जहां संघर्ष की दिशा दी, वहीं मेवाड़ को भी आत्म सम्मान दिया। जब महाराणा प्रताप अपने परिवार के साथ जंगलों में भटक रहे थे, तब भामाशाह ने अपनी सारी पूजी महाराणा प्रताप को समर्पित कर दी थी। तब से भामाशाह की दान शीलता के प्रसंग बड़े उत्साह के साथ सुने और सुनाए जाते हैं, आप उन्ही में से एक हैं। तब फिर बारात घर बनाने में कहां दिक्कत आ रही है, उन्होंने चुटकी ली, और फिर अंत में बारात घर के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा कर दी। विधायक राम नरेश रावत द्वारा बारात घर के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा करते ही पूरा पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

0 टिप्पणियाँ