रायबरेली: उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार व तरुण सक्सेना, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली के दिशा-निर्देशन में 14 सितम्बर 2024 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, समस्त सिविल जज (व0 श्रेणी), समस्त अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेटगण, समस्त न्यायिक मजिस्ट्रेटगण, समस्त सिविल जज (क0 श्रेणी) के न्यायालयों में लम्बित मामलों के अधिक से अधिक निस्तारण की रुप-रेखा तय किये जाने हेतु बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में आहूत की गयी।
आपको बता दें कि, अपर जनपद न्यायाधीश/नोडल अधिकारी लोक अदालत विद्याभूषण पाण्डेय के द्वारा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये, जिससे अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण कर राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके। बैठक में पिछले लोक अदालत की सफलता को दोहराने व उसे और सफल बनाने के लिए उठाये जाने वाले कदमों पर विचार-विमर्श किया गया जिसमें सभी ने अपने-अपने सुझाव साझा किये।
बैठक में अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनुपम शौर्य के द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दिए गए निर्देशों के प्रकाश में न्यायालय में लम्बित मामलों का निस्तारण कर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाए जाने का प्रयास किया गया।
बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पवन कुमार सिंह, प्रथम अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमोद कंठ, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रे-द्वितीय प्रभाष त्रिपाठी व अन्य न्यायिक मजिस्ट्रेटगण उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ