आधार कार्ड बनवाने आई भीड़ ने उड़ाई सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: वर्तमान में आधार कार्ड एक बेहद जरूरी कागजात के तौर पर इस्तेमाल होने लगा है। सरकारी योजनाओं से लेकर, बैंक, आनलाइन आवेदन, बिजली कनेक्शन, राशन कार्ड बच्चों का स्कूल में एडमिशन जैसे तमाम कार्यो के लिए आधार का होना बहुत जरूरी है, लेकिन आधार कार्ड बनवाना भी उतना ही कठिन होता जा रहा है। कोरोना काल में आधार कार्ड बनवाने वालों की भीड़ बढ़ गई है। उपडाकघर महराजगंज पर लंबी लाइन देखने को मिल रही है।

     आपको बता दें कि, कोरोना काल से पहले आधार के लिए इतनी मारामारी नहीं थी, जितनी अब हो रही है। लाकडाउन के बाद करीब 4 महीने तक आधार कार्ड बनने बंद हो गए थे। इसके बाद कोरोना के डर से कुछ लोग घरों से बाहर नहीं निकले, लेकिन अनलाक होने के बाद से धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती जा रही है। नए आधार कार्ड बनवाने के साथ ही संशोधन कराने वालों की भीड़ उमड़ रही है। हालात यह हैं कि, आधार कार्ड के लिए लोगों को कई महीनों तक का भी इंतजार करना पड़ रहा है। 

    कस्बे के बछरावां रोड पर स्थित उप डाकघर पर आज सुबह से ही हजारों लोगों की लंबी लाइन लगी थी, क्योंकि आज उप डाकघर महराजगंज में आधार कार्ड बनवाने वाले व्यक्तियों को टोकन बांटा जा रहा था। जिससे अचानक आज हजारों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोग इस कोरोना काल में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं कर सके, कारण लोगों की भीड़ झुंड में इकट्ठा थी। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने में वहां लगे पुलिस के जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लेकिन फिर भी इस कोरोना काल मे लोगों ने उचित दूरी ना बनाकर सोशल डिस्टेंसिंग की खुलेआम धज्जियां उड़ाई। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आधार कार्ड बनवाने आए लोगों को 3 से 4 महीने का टोकन दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ