महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के पूरे डीगुर मजरे माझगांव के ग्राम प्रधान ने गांव के ही एक ग्राम पंचायत सदस्य को लाठी-डंडों से जमकर मारा पीटा। जिसमें ग्राम सभा सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन परिजन उसे महराजगंज कोतवाली लाए जहां कोतवाली पुलिस ने उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
आपको बता दें कि, चोटिहल के भाई रामकुमार पुत्र रामकिशन निवासी पूरे डीगुर मजरे मझगांव ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि, गांव के ही दबंग ग्राम प्रधान शिव प्रसाद यादव पुत्र रामफेर व उनका भाई राम प्रसाद पुत्र रामफेर आज दिनांक 26 अक्टूबर 2020 को सुबह 10:00 बजे गांव में ही खड़ंजा लगने को लेकर गाली गलौज करने लगे। मना करने पर दबंग प्रधान व उसके भाई ने लाठी-डंडों से जमकर मारा पीटा, और जान से मारने की एलानिया धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। वहीं मारपीट में अयोध्या प्रसाद पुत्र राम किशुन गंभीर रूप से चोटिल हो गए। जिनको प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
मामले में कोतवाली प्रभारी श्री राम का कहना है कि, घटना की जानकारी मिली है। रामकुमार की तहरीर पर ग्राम प्रधान व उसके भाई के खिलाफ गाली गलौज मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

0 टिप्पणियाँ