आधुनिक भारत के शिल्पकार हैं नरेंद्र मोदी-राकेश प्रताप सिंह।। Raebareli news ।।

 

देश की सरहदें पूरी तरह है सुरक्षित-राजा राकेश प्रताप सिंह

2022 तक किसानों की आय करेंगे दोगुनी-राजा राकेश प्रताप सिंह

भारत बनेगा 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला देश-राकेश प्रताप सिंह

जनता को गुमराह कर रहे हैं, विपक्ष के लोग-पूर्व विधायक राजाराम त्यागी

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने के साथ ही देश ने राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा की ओर तेजी से कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। जिसका परिणाम है कि, आज देश के चारों तरफ की सीमाएं चाहे वह थल हो, या जल हो, अथवा नभ हो, अभेद्य दुर्ग के रूप में सुरक्षित मानी जा रही हैं। वहीं देश में मेक इन इंडिया स्टार्टअप जैसी योजनाओं के साथ देश आर्थिक क्षेत्र में भी कामयाबी के शिखर की ओर जाने को अग्रसर है, और आने वाले समय में भारत 5 ट्रिलियन की इकोनामी वाला देश बनकर रहेगा। आवश्यकता इस बात की है कि, भाजपा के कार्यकर्ता सरकार के इन अभूतपूर्व क्रांतिकारी कार्यक्रमों के बारे में जन-जन को जागरूक करें, और लोगों से यह अपील करें कि, प्रधानमंत्री की योजना के मुताबिक काम करने की इच्छा शक्ति नागरिकों में जागृत हो, और हमारा देश खोए हुए प्राचीन गौरव को पुनः हासिल कर सके। यह उद्गार भाजपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य व पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह ने हरचंदपुर मंडल और सताव मंडल में पार्टी द्वारा आयोजित आत्मनिर्भरता के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा शीर्षक से आधारित कार्यकर्ता गोष्ठी में बतौर मुख्य वक्ता बोल रहे थे।


   आपको बता दें कि, पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में पहला कार्यक्रम हरचंदपुर मंडल में आयोजित किया गया। मंडल अध्यक्ष ननकऊ लोधी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के द्वतीय सत्र में राजा राकेश प्रताप सिंह ने बतौर मुख्य वक्ता जनसंघ से लेकर आज तक के भारतीय जनता पार्टी के स्वरूप के बारे में प्रकाश डाला और कहा कि, हालांकि रूस के तर्ज पर जिस प्रकार वहां सोवियत मॉडल की पंचवर्षीय योजनाओं का आरंभ तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने अपने देश में किया, उसका तत्कालीन जनसंघ पार्टी के अधिवेशन में विरोध किया गया था। जनसंघ ने जोर दिया था कि, देश के विकास के लिए स्वदेशी मॉडल तैयार हो, और हमारे विकास में हमारे देश की पद्धति का प्रयोग किया जाए। इसके बाद भी कांग्रेस ने सोवियत मॉडल का विकास कार्य योजना लागू रखी। परिणाम यह रहा कि, बाद के कई दशकों तक कांग्रेस का यह फार्मूला बहुत कारगर साबित नहीं हुआ। जितना विकास देश को करना चाहिए था, उतना देश नहीं कर पाया।

     श्री सिंह ने आगे कहा कि, इसके उपरांत स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के सत्ता संभालने के बाद देश ने आंतरिक और बाह्य दोनों मोर्चों पर फेरबदल करके विकास की गति को तेजी दी, और जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की केंद्रीय सत्ता संभाली, तब से देश का सर्वांगीण विकास तेजी से शुरू हुआ। प्रधानमंत्री ने अपनी दूरदृष्टि से पहले देश की सीमाओं की सुरक्षा मजबूत की। देश में ही रक्षा के उपकरणों के बढ़ने का सिलसिला शुरू हुआ, और सेनाओं को सीमाओं की रक्षा करने के लिए पूरे अधिकार दिए गए। परिणाम यह रहा कि, पाकिस्तान जैसा देश विश्व में अलग-थलग पड़ गया, और वह आतंकवाद की जो बड़ी नर्सरी हुआ करता था, आज आतंकवाद की अंतिम सांसे गिन रहा है तथा पाकिस्तान पश्त हो गया है।


   श्री सिंह ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि, विश्व में अपनी विस्तार वादी नीति के चलते बदनाम चीन ने हमारी सीमाओं पर घुसपैठ करके उद्दंडता का परिचय दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की कुशल रणनीति के चलते भारतीय सैन्य बलों ने चीन को ऐसा सबक सिखाया कि, आज वह अपने घाव नहीं भर पा रहा है। भारत की विदेश नीति में आया बदलाव साफ दिख रहा है कि, पूरे विश्व भर के देश भारत का लोहा मान रहे हैं, इसी वजह से भारतीय अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का सदस्य निर्विरोध रूप से चुन लिया गया। डेढ़ सौ से अधिक देशों ने भारत को खुलकर सपोर्ट किया। आज विश्व भर में भारत का विरोध करने वालों की संख्या दहाई तक नहीं पहुंच पा रही है। भारत का निर्यात विदेशों में बढ़ा है। भारत हर क्षेत्र में स्टार्टअप और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं के साथ तरक्की की नई इबारत लिख रहा है।

    श्री सिंह ने अपने संबोधन के दौरान आगे कहा कि, प्रधानमंत्री ने चीन से फैलाए गए कोविड-19 से जिस प्रकार भारत ने मुकाबला किया, वह काबिले तारीफ है। आज कोरोना धीरे धीरे काबू में आ रहा है। यहां संसाधनों का काफी विकास हो चुका है। विश्व भर में सबसे अच्छा रिकवरी रेट भारत का है, और मृत्यु दर भी विश्व में सबसे कम भारत में ही है। लॉकडाउन के दौरान अर्थव्यवस्था को जो भारी नुकसान पहुंचा, उसकी भरपाई के लिए प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री ने कई चक्रों में लाखों लाख करोड़ का पैकेज देकर अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की कामयाबी पाई है। श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि, वह भारत सरकार की इन उपलब्धियों के साथ-साथ प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियों का जन-जन में प्रचार प्रसार करें, तथा विपक्षियों द्वारा देश और प्रदेश की सरकारों के खिलाफ चलाए जा रहे षड्यंत्रकारी अभियानों से सतर्क रहें, यह आज की जरूरत है।


   इसी क्रम में सहवक्ता पूर्व विधायक राजाराम त्यागी ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी ने राजनीति को कभी शासन करने का माध्यम नहीं माना, बल्कि राजनीति के माध्यम से आम लोगों की सेवा करना ही अपना कर्तव्य समझा है। जिसका परिणाम है कि, कभी 1984 में 2 सांसदों की पार्टी, पिछले दो आम चुनावों से देश की सबसे बड़ी पार्टी बनकर केंद्र में सत्ता प्राप्त कर जनता की सेवा कर रही है। वहीं अनेक प्रदेशों में भी भारतीय जनता पार्टी सत्ता में रहकर जनता की सेवा कर रही है। उन्होंने कहा कि, भाजपा में न स्वार्थ है, ना जातिवाद है, और न ही संप्रदायवाद है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को राजनीतिक राजऋषि की संज्ञा देते हुए कहा कि, इनके प्रयत्नों से ही अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। तीन तलाक जैसी महिला विरोधी कानून से मुस्लिम महिलाओं को मुक्ति मिली, देश ने विभाजन की पर्याय मानी जाने वाली धारा 370 को जड़ से समाप्त किया गया, इसके साथ ही धारा 35a को हटाया गया। किसानों की आय को दोगुना करने के लिए प्रयास जारी है। उद्योग धंधों को भी प्रमुखता दी जा रही है। इन क्रांतिकारी कार्यों से उत्तर प्रदेश के साथ साथ पूरा हिंदुस्तान बदलाव की मोड़ पर खड़ा है। भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि, वह मोदी, योगी की नीतियों और नीतियों तथा उपलब्धियों से जन-जन को अवगत करावे। उन्होंने विपक्षी दलों विशेषकर कांग्रेस, सपा और बसपा को हताशा और निराशा में डूबे लोगों का दल बताते हुए कहा कि, अब इनका अवसान समीप ही है।

     कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री मुन्ना पांडे ने किया। इस मौके पर महामंत्री नरेंद्र सिंह, मंडल मंत्री वंदना मिश्रा, निधि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर अभिषेक बाजपेई, रत्नेश मिश्रा आदि भी मौजूद रहे। इसी प्रकार दोनों वक्ताओं ने सताव मंडल में भी कार्यशाला को संबोधित किया। यहां मंडल अध्यक्ष रामकिशोर लोधी ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम में वीरेंद्र सिंह जिला उपाध्यक्ष के अलावा वरिष्ठ नेता कृष्ण जीवन तिवारी, जितेंद्र मिश्रा, डॉक्टर रामनाथ आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ