डलमऊ/रायबरेली: डलमऊ गंगा घाट पर 29 नवंबर को लगने वाले ऐतिहासिक प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेला शासन के निर्देश पर डीएम ने स्थगित कर दिया है। डलमऊ क्षेत्र के लगभग 5 किलोमीटर दूर तक लगने वाले इस मेले को इसी साल प्रांतीय मेला घोषित किया गया था, जिसको लेकर लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी थी, लोगों में चर्चा थी कि, अब कार्तिक पूर्णिमा मेला भी महाकुंभ जैसा भव्य दिखेगा लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया है।
आपको बता दें कि, यहां मेले के दौरान कस्बे में लगने वाली विभिन्न विभागों से प्रदर्शनी, डलमऊ महोत्सव, सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियां भी स्थगित हो चुकी हैं। कार्तिक पूर्णिमा मेले के महेज कुछ दिन ही बचे हैं, लेकिन तैयारियां कहीं भी नजर नहीं आ रही थी, अधिकारियों को भी इसी आदेश का इंतजार था। देर रात शासन की तरफ से मेला स्थगित होने का आदेश आने के बाद अधिकारियों ने चैन की सांस ली है।
वैसे तो कार्तिक पूर्णिमा मेले मे प्रत्येक वर्ष लगभग 10 से 15 लाख श्रद्धालु गंगा नदी में स्नान करने के लिए विभिन्न जनपदों एवं क्षेत्रों से आते हैं। इस मेले में विभिन्न क्षेत्रों एवं जनपदों से बैलगाड़ी भी आती है। जिसको लेकर प्रशासन 1 माह पहले ही तैयारियां करना प्रारंभ कर देता है। लेकिन इस वर्ष कोरोना महामारी ने कार्तिक पूर्णिमा मेले को सैकड़ों वर्ष पूर्व छोड़ दिया है। बीते 10 वर्षों में ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले में डलमऊ महोत्सव, विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी एवं रंगारंग कार्यक्रम कस्बेवासियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को देखने को मिल रहे थे।


0 टिप्पणियाँ