निर्जला रहकर सुहागिनों ने रखा करवा चौथ का व्रत।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: महराजगंज तहसील क्षेत्र सहित समूचे रायबरेली जनपद में सुहागिनों ने बुधवार को करवा चौथ का व्रत रखकर अपने पति की लंबी उम्र की कामना की। व्रत रखने वाली सुहागिनों ने दिनभर निर्जला रहकर व्रत रखा। शाम को व्रतियों ने शिव, पार्वती, गणेश, कार्तिकेय की पूजा-अर्चना करने के उपरांत करवा चौथ की कथा सुनी, तथा चंद्रमा पर जल अर्पण किया।

   आपको बता दें कि, प्रेम, त्याग व विश्वास के इस अनोखे महापर्व पर मिट्टी के बर्तन यानी करवे की पूजा का विशेष महत्व है, जिससे रात्रि में चंद्रदेव को जल अर्पण किया जाता है। महराजगंज क्षेत्र के मऊ, सिकंदरपुर, सेमरहा, ताजुद्दीनपुर, मुरैनी, ज्योना, मोन, नारायणपुर, चंदापुर, महराजगंज कस्बा सहित समूचे तहसील क्षेत्र के गांवों में करवा चौथ को लेकर ज्यादा उत्साह दिखा। इस व्रत में महिलाएं सोलह श्रृंगार कर सज-संवर कर व्रत करती हैं। संध्या बेला चलनी के माध्यम से चंद्रमा का दर्शन कर इस व्रत को संपन्न किया जाता है।

    मोन गांव निवासी पंडित शारदा शरण पांडेय बताते हैं कि, रामचरितमानस के लंका काण्ड के अनुसार इस व्रत का एक पक्ष यह भी है कि, जो पति-पत्नी किसी कारणवश एक दूसरे से बिछुड़ जाते हैं, चंद्रमा की किरणें उन्हें अधिक कष्ट पहुंचाती हैं। इसलिए करवा चौथ के दिन चंद्रदेव की पूजा कर महिलाएं यह कामना करती हैं कि, किसी भी कारण से उन्हें अपने प्रियतम का वियोग न सहना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि, महाभारत में भी एक प्रसंग है, जिसके अनुसार पांडवों पर आए संकट को दूर करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण के सुझाव से द्रौपदी ने भी करवा चौथ का पावन व्रत किया था। इसके बाद ही पांडव युद्ध में विजयी रहे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ