किसान, बेरोजगार, महिलाएं परेशान, कोई नहीं ले रहा शुध।
रायबरेली: राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं आरटीआई जागरूकता संगठन के राष्ट्रीय प्रभारी एवं राष्ट्रीय अनुशासन मंत्री ज्ञान प्रकाश तिवारी ने यूपी की योगी सरकार पर हमला बोला और कहा कि, प्रदेश में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। गरीब, किसान, नौजवान, पीड़ित, शोषित, वंचितों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, यह कैसा रामराज चल रहा है, उत्तर प्रदेश में आज गरीबों का जीवन यापन बहुत ही मुश्किल होता जा रहा है। गरीबों की हालत बद से बदतर हो रही है। आज आलू प्याज 50 रुपए प्रति किलो बिक रहा है, और कोई भी सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। गरीब कैसे अपने परिवार का भरण पोषण करेगा। क्या यही रामराज्य है।
आपको बता दें कि, श्री तिवारी ने हमारे संवाददाता से टेलिफोनिक वार्ता के दौरान कहा कि, आज देश और प्रदेश का युवा बेरोजगार है। मौजूदा सरकार युवाओं को रोजगार मुहैय्या नहीं करवा पा रही है। युवाओं को रोजगार देने के नाम पर सिर्फ कागजी घोड़े दौड़ाए जा रहे हैं। प्रदेश की योगी सरकार चौथे साल के कार्यकाल में प्रवेश कर चुकी है। लेकिन प्रदेश का युवा नौकरी पाने के लिए दफ्तरों के धक्के खा रहा है। अब ऐसे में युवा कैसे रामराज्य की कल्पना करेगा।
सरकार में बैठे अधिकारी जिले में बेलगाम होकर सरकार के एजेंटों की तरह काम कर रहे हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है, भाजपा के नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारी दुरभिसंधि करके आम जनता और प्राकृतिक संसाधनों को जम कर लूट रहे हैं।
इस सरकार में कोई भी समाज सुरक्षित नहीं है। बल्कि समाज के हर तबके के ऊपर लगातार अन्याय और अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि, ऐसा लगता है जैसे सरकार के संरक्षण में यूपी में एक मिशन चला कर सरकारी विभाग को निजी करण की तरफ धकेला जा रहा है। अगर सरकार वास्तव में सच्चा कार्य करना चाहती है, तो सबसे पहले देश में बैठे हुए सभी सांसद विधायकों की पेंशन बंद की जाए। उसके बाद भ्रष्टाचारी अधिकारी और कर्मचारी पर एक्शन लेकर लोगों का दिल जीत सकती है।
राष्ट्रीय प्रभारी एवं राष्ट्रीय अनुशासन मंत्री ज्ञान प्रकाश तिवारी ने कहा कि, आज हर समाज के ऊपर लगातार हमले हो रहे हैं। प्रदेश में जो हालात बने हैं, उनमें आम जनता घुटन महसूस कर रही है, और 2017 के विधानसभा चुनाव के अपने फैसले पर पछता रही है। उन्होंने दावा किया कि, 2022 के चुनाव में माहौल को देखते हुए सत्ता परिवर्तन जरूर होगा। श्री तिवारी ने जनता से अपील की है कि, योग्य व्यक्ति का चुनाव 2022 में किया जाए, जो जनता की सेवा, बेरोजगारी दूर करने का संकल्प, गरीबों की समस्या को दूर कर सके। हमें ऐसे विधायक का नेतृत्व चुनना होगा। इस दौरान रमेश चंद चौरसिया, राम अवध यादव, गीतेश दीक्षित, हरीश शर्मा, रितेश कनौजिया, राजेश मिश्रा, कृष्ण कुमार तिवारी, कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ