महराजगंज/रायबरेली: भाजपा के अवध क्षेत्र के अध्यक्ष शेष नारायण मिश्र के रायबरेली जनपद आगमन पर महराजगंज क्षेत्र की ओर से पूर्व विधायक राजाराम त्यागी और जिला पंचायत सदस्य व भाजपा नेता प्रभात साहू की अगुवाई में दर्जनों वाहनों के काफिले पर सवार सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने त्रिपुला चौराहे पर उनका भव्य स्वागत किया।
आपको बता दें कि, शेष नारायण मिश्र के अवध क्षेत्र के अध्यक्ष के पद पर मनोनयन के बाद उनका यह पहला रायबरेली दौरा था। रायबरेली के त्रिपुला पर भव्य स्वागत से अभिभूत श्री मिश्र ने कहा कि, आने वाले दिन किसानों के लिए खुशियां लेकर आएंगे। क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने कृषि सुधार बिल पारित कराकर ऐतिहासिक काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि, वह विपक्ष के दुष्प्रचार को रोकने के लिए गांव गांव जाकर कृषि सुधार बिल को किसान के उत्थान वाला कानून बताते हुए जनता को जागृत करें।
इसके उपरांत क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा ने पूर्व जिला अध्यक्ष और नवनियुक्त क्षेत्रीय मंत्री दिलीप यादव के आवास पर पहुंचे, जहां पूर्व एमएलसी और राष्ट्रीय परिषद सदस्य राजा राकेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक राजाराम त्यागी, प्रभात साहू, अतुल सिंह, अनुराग पांडेय, बुद्धि लाल पासी, सुरेंद्र सिंह दाढ़ी, जयतालरेजा सहित बड़ी तादाद में कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इसी क्रम में पूर्व विधायक श्री त्यागी और जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू ने उन्हें राजस्थानी पगड़ी पहनाई और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारे लगाकर उनका भव्य स्वागत किया।
इसी क्रम में पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह ने क्षेत्रीय अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि, पार्टी संगठन के कार्यक्रमों को जनपद रायबरेली में पूरी तरह क्रियान्वित किया जा रहा है, और टीम वर्क के साथ पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रीय अध्यक्ष से कहा कि, कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने के लिए संगठन में जिम्मेदार लोगों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।इसी क्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता अतुल सिंह ने कहा कि, शेष नारायण मिश्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा संगठन में तेजी आई है। कार्यकर्ता उत्साहित है, और भाजपा को निश्चित रूप से नई ऊर्जा मिली है। इससे पार्टी को काफी लाभ होगा।
इस मौके पर भाजपा विधायक रामनरेश रावत, चंद्रपाल यादव, जगदीश लोधी, धर्मेंद्र वर्मा, विनय कुमार यादव सहित बड़ी तादाद में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ