मोन गांव के अन्नु सिंह ने पेश की अनूठी मिसाल।। Raebareli news ।।

 



रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: एक ओर आज के दौर में युवा वर्ग नव वर्ष के आगमन पर पश्चात संस्कृति से चकाचौंध होकर नववर्ष मनाने के लिए तरह-तरह की रंगीन पार्टियों का आयोजन कर जहां शोर-शराबा हो-हल्ला करके शराब के नशे में मदमस्त होकर फूहड़ ढंग से नववर्ष का जश्न मनाता है। वहीं दूसरी ओर ऐसे भी युवा वर्ग के लोग हैं, जोकि अपनी संस्कृति और सभ्यता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए शालीन तरीके से नववर्ष मनाता है। ऐसी ही एक मिसाल पेश की है, मोन गांव के रहने वाले देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ अन्नू और उनकी टीम के सदस्यों ने, जो विगत 11 वर्षों से नव वर्ष के प्रारंभ होने वाले दिन पर श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ के समापन के बाद हवन पूजन व अन्य धार्मिक कृति के साथ नव वर्ष का स्वागत करते हैं, तथा क्षेत्र में शांति और सद्भाव एकता बनी रहे इसकी कामना करते हैं।


    आपको बता दें कि, मोन गांव के रहने वाले युवा देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ अन्नू व उनकी टीम द्वारा गांव की प्रसिद्ध धर्मस्थली महर्षि बाबा ओरी दास जी महाराज की तपोस्थली पर अपने प्रयासों से विगत 11 वर्षों से लगातार यह कार्यक्रम करते आए हैं। इस कार्यक्रम का आकर्षण इतना है कि, गांव ही नहीं आसपास के दर्जनों गांव से हजारों की तादाद में भक्त श्रद्धालु विशेषकर युवा इस कार्यक्रम में सम्मिलित होते हैं। परंपरा के मुताबिक 31 दिसंबर को यहां श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ शुरू होता है, जिसका समापन नववर्ष के पहले दिन यानी 1 जनवरी को होता है। इसके पश्चात हवन पूजन और प्रसाद वितरण का सिलसिला देर रात तक चलता रहता है।


   1 जनवरी यानी नववर्ष रात्रि की बेला में जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में चार चांद लगाने के लिए राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों को आमंत्रित करके सुंदर मनमोहक झांकियों का प्रदर्शन भी कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासी खासे गदगद हैं। पूरे गांव में देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ अन्नू की जमकर तारीफ हो रही है। वहीं बड़े बुजुर्गों का कहना है कि, अन्नु सिंह जैसी सोच वाले युवा अगर समाज में हो जाएं, तो समाज में व्याप्त तमाम कुरीतियों और बुराइयों पर निश्चित रूप से अंकुश लगाया जा सकता है।


     इस बार के आयोजन में जिले की दिग्गज हस्तियों को भी आमंत्रण भेजा गया है। देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ अनु ने बताया कि, जिले के एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में निमंत्रित किया गया है। इस बात की पूरी संभावना है कि, एमएलसी कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के आने की संभावनाएं जताई जा रही हैं।

     इस अवसर पर अवधेश गुप्ता, रोहित अवस्थी, चंद्रभान सिंह, शिव बरन सिंह, दिलीप सिंह, जगतपाल फौजी आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ