रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: बछरावां विधायक राम नरेश रावत ने कहा है कि, इस सर्दी के दौर में निर्धन और बेसहारा लोगों को कंबल वितरण करना आज की सबसे बड़ी सेवा है। यह पुनीत कार्य करके ग्राम प्रधान शिवानी देवी और उनके पति उमेश कुमार उर्फ कुन्नू ने वास्तव में बड़ा ही पुण्य भरा सराहनीय कार्य किया है। इसके लिए वह उनकी सराहना करते हैं। उन्होंने कहा कि, बछरावां विधानसभा क्षेत्र में ऐसे ही आयोजन लगातार हो रहे हैं। इससे गरीब तबके के पात्र लोगों को बहुत मदद मिल रही है। समाज के सक्षम अन्य लोगों को भी इस कार्यक्रम से प्रेरणा लेकर अपने-अपने क्षेत्र में ऐसा ही कार्य करना चाहिए।
विधायक ने इसी क्रम में आज सकट के त्यौहार पर महिला शक्ति को बधाई दी, और कहा कि, भारतीय दर्शन और परंपराएं यह साबित करती है कि, मानवता कहीं जिंदा है, तो वह हमारे देश में है। श्री रावत यहां पूरे स्वयंवर सिंह मजरे ज्योना में आयोजित निशुल्क कंबल वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस मौके पर 500 से अधिक निराश्रित और पात्र लोगों को निशुल्क कंबल वितरित किए गए हैं।
आपको बता दें कि, सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में विधायक ने 7 महिलाओं और बाराबंकी जनपद से आए अपने पांच सहयोगियों को सम्मानित करते हुए महिलाओं के चरण छू कर आशीर्वाद भी लिया। इसी क्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक राजाराम त्यागी ने भी प्रधान और उनके पति के आयोजन की सराहना करते हुए लोगों से कहा कि, वह हमेशा ध्यान रखें कि, उनके आसपास कोई गरीब और विपन्न व्यक्ति संसाधनों के अभाव में ठंड से ना ठिठुरे। यदि पड़ोस में रहने वाला कोई व्यक्ति अभाव में जी रहा है, तो लोग उसकी मदद करें। इससे ही समाज में एकता और समरसता का भाव जागेगा।
कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि, उनके ब्लॉक क्षेत्र में ऐसे आयोजनों का सिलसिला लगातार चल रहा है। इससे उन्हें काफी खुशी महसूस हो रही है। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू और वरिष्ठ भाजपा नेता विद्यासागर अवस्थी ने भी अपने अपने विचार व्यक्त कर ग्राम प्रधान व उनके पति की सराहना की।
कार्यक्रम के आयोजक उमेश कुमार उर्फ कुन्नू ने आए सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, प्रधान बनने के बाद से लगातार उन्होंने अपने गांव के विकास तथा गरीबों की सेवा और विश्वास करने का जो संकल्प लिया था, उसे पूरा करने में उन्हें जो सफलता मिली है, वह जनता के आशीर्वाद से ही मिली है। आगे भी वह ऐसे कार्य करते रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान शिवानी देवी ने किया। कंबल पाने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने ग्राम प्रधान और उनके पति की सराहना की। इस मौके पर सैकड़ों की तादाद में महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ