रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: अमरीश पुरी को आदर्श मानकर फिल्म जगत में ऊंचाइयां हासिल करने के लिए मुगलसराय बनारस के रहने वाले भोजपुरी फिल्म के चर्चित खलनायक रवि, जी-जान से जुटे हैं। भोजपुरी फिल्म "जान लेबू का" की शूटिंग क्षेत्र के लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। फिल्म की शूटिंग देखने के लिए भारी तादाद में क्षेत्र के लोग शिवगढ़ राज महल पहुंच रहे हैं। फिल्म के मुख्य अभिनेता दिनेश लाल निरहुआ व मुख्य अभिनेत्री अक्षरा सिंह हैं। वहीं फिल्म में शिवगढ़ क्षेत्र के ही दुर्गेश सिंह चौहान चाचा की भूमिका में पूरी फिल्म में अभिनय करतेे नजर आएंगे, तो खलनायक की मुख्य भूमिका में दीपक भाटिया, रवि तथा फाइटर विलेन की भूमिका में जनार्दन यादव विरेंद्र कुमार और दादा की भूमिका में जफर खान नजर आएंगे। फिल्म में अश्लीलता बिल्कुल नहीं है। यह फिल्म लोगों को काफी रास आएगी।
आपको बता दें कि, इन दिनों रायबरेली जिले के शिवगढ़ स्थित महेश विलास पैलेस (राजमहल) में भोजपुरी फिल्म "जान लेबू का" फिल्मांकन हो रहा है। जिसमें भोजपुरी फिल्मों के जाने-माने अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ लीड रोल कर रहे हैं, और इस फिल्म की नायिका अक्षरा सिंह है। शूटिंग अब एक-दो दिन और बची है। इसी दौरान हमारे संवाददाता ने महेश विलास पैलेस शिवगढ़ पहुंचकर फिल्म की शूटिंग का जायजा लिया, तो वहीं हमारी मुलाकात फिल्म के खलनायक रवि से हुई। रवि भोजपुरी में लगभग एक दर्जन फिल्में कर चुके हैं। जिसमें बतौर खलनायक उनके रोल की काफी सराहना भी हुई है, और भोजपुरी फिल्मों के शौकीन दर्शकों में लाखों लोग ऐसे हैं, जो रवि की अभिनय क्षमता को बहुत पसंद करते हैं।
भोजपुरी फिल्म जान लेबू का में वह फिल्म की नायिका अक्षरा सिंह के अपहरण करने वाले चरित्र के रूप में काम कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग में व्यस्त होने के बावजूद जब हमारे संवाददाता ने उन्हें अपना परिचय दिया और बातचीत के लिए कुछ समय मांगा, तो वह सहर्ष तैयार हो गए। उन्होंने कहा कि हमारे देश में यह सबसे बड़ी खासियत है कि, क्षेत्रीय भाषाओं में भी बनने वाली फिल्मों को दर्शक अच्छा खासा महत्व देते हैं, और उन्हें भी लोगों का अच्छा खासा सपोर्ट मिलता है। भोजपुरी फिल्मों से बॉलीवुड तक मनोज तिवारी, रवि किशन जैसे कलाकार पहुंचे हैं, और उन्होंने भी अच्छी खासी शोहरत हासिल की है।
उन्होंने बॉलीवुड के अमर खलनायक अमरीश पुरी को अब तक का सबसे बड़ा खलनायक बताते हुए कहा कि, वह हमारे रोल मॉडल है, मेरी दिली ख्वाहिश है कि, उन्हीं की तरह पर्दे पर अपनी भूमिका को सजीव ढंग से प्रस्तुत कर सकूं, हालांकि वह अमरीश पुरी तो नहीं बन सकते! लेकिन उनकी राह पर चलते हुए उन्हीं के जैसा बनकर नाम कमाना चाहता हूँ। अगर दर्शकों का प्यार और आशीर्वाद मिलता रहा, तो उन्हें विश्वास है कि, एक दिन वह अपने लक्ष्य में कामयाब जरूर होंगे।




0 टिप्पणियाँ