महराजगंज/रायबरेली: वर्ष 2018 में रहस्यमई ढंग से घर से गायब हुई युवती को पुलिस ने आखिरकार ढूंढ निकाला, तथा उसको बहला-फुसलाकर अपने घर में रख कर लगातार दुराचार करने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आपको बता दें कि, कोतवाली क्षेत्र के जिहवा गांव के रहने वाले शत्रोहन पुत्र राम प्रसाद ने वर्ष 2018 में पुलिस को तहरीर देकर अपनी लड़की के गुम होने की सूचना दर्ज कराई थी। भुक्तभोगी स्वयं और पुलिस दोनों गायब हुई लड़की का पता लगा रहे थे, किंतु पता नहीं चल रहा था। लेकिन कोतवाल शरद कुमार द्वारा मामले में नए सिरे से छानबीन करने के प्रयास में पुलिस को उस समय सफलता मिल गई, जबकि उप निरीक्षक विकास चौधरी को सूचना मिली कि, गायब लड़की जनपद बाराबंकी के गांव नटवीरन थाना सुबेहा के रहने वाले राजबहादुर पुत्र चंद्रपाल के घर में मौजूद है। तो पुलिस ने दल बल के साथ गांव जाकर राज बहादुर के घर की तलाशी ली, तो वहां लड़की मौजूद मिली।
पुलिस ने अभियुक्त राजबहादुर को भी मौके से पकड़ लिया, और थाने ले आई, जहां पीड़िता का मेडिकल कराया गया। वहीं पीड़िता ने पुलिस को दिए गए बयान में आरोप लगाया है कि, राजबहादुर जबरन उसे बहला-फुसलाकर 2 साल पहले भगा ले गया था, और अपने घर में बंधक बनाए हुए था। बकौल पुलिस पीड़िता ने यह भी बयान दिया है कि, अभियुक्त 2 साल से लगातार उसके साथ जबरन दुराचार करता आया है। मामले में पुलिस ने अभियुक्त को जेल भेज दिया है।
कोतवाल शरद कुमार का कहना है कि, मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयान के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ