चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए कस्बा सहित क्षेत्र में बढ़ाई है पुलिस की गश्त
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र में हो रही ताबड़तोड़ चोरीयों को रोक पाने में महराजगंज पुलिस नाकाम साबित हो रही है। यहां 24 घंटे पूर्व कोतवाली क्षेत्र के सलेथू गांव में दो घरों तथा बीती रात कस्बे में अज्ञात चोरों ने एक मकान में नकब लगाकर महराजगंज पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि, इन घटनाओं को देखते हुए महराजगंज पुलिस क्षेत्र में गस्त बढ़ाकर चोरी की घटनाओं पर शिकंजा कसती है, या फिर इन अपराधिक घटनाओं में आगे भी इजाफा होता रहेगा।
आपको बता दें कि, बीती रात महराजगंज कस्बे के रायबरेली रोड स्थिति जान्हवी रेडीमेड की दुकान में नकब लगाकर अज्ञात चोरों ने चोरी करने का असफल प्रयास किया। बताते हैं कि, परिजनों के जाग जाने की जानकारी मिलने पर अज्ञात चोर चोरी कर पाने में असफल रहे।
कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में दुकान के स्वामी शिव कुमार सिंह पुत्र शिवबक्श सिंह निवासी आजाद नगर महराजगंज ने कहा है कि, उनकी दुकान जान्हवी रेडीमेड के नाम से उनके अपने मकान में जो रायबरेली रोड आजाद नगर निकट पुराना बस स्टॉप में स्थित है। 13 फरवरी 2021 की सुबह 9:30 बजे उन्होंने खुद दुकान खोली, तो दुकान की दीवाल पर नकब लगी हुई थी, जिसे देख उनके होश उड़ गए। उनका यह भी कहना है कि, अज्ञात चोरों द्वारा पूर्ण रूप से सेंध न काट पाने के कारण दुकान का कोई भी सामान चोरी नहीं हुआ है।
विदित हो कि, इससे पूर्व भी इसी मकान मालिक की बिल्डिंग में इस रेडीमेड के ठीक बगल में ज्वेलरी की दुकान में लगभग 1 वर्ष पूर्व चोरी की घटना को अज्ञात चोर अंजाम दे चुके है। जिसमें ज्वेलरी शोरूम और रेडीमेड के मालिकों का भारी नुकसान हुआ था। मामले में कोतवाली प्रभारी शरद कुमार का कहना है कि, तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।




0 टिप्पणियाँ