महराजगंज/रायबरेली: मऊ गांव में विगत 10 दिनों के भीतर हुई 12 अस्वाभाविक मौतों के बाद एसके इंडिया न्यूज़ चैनल के द्वारा उठाए गए सवालों पर आखिरकार सामान्य प्रशासन की कुंभकरण की नींद टूट ही गई, और उप जिला अधिकारी सविता यादव के कड़े निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और पंचायती राज विभाग हरकत में आ गया। आनन फानन गांव में सैनिटाइजेशन का काम शुरू हो गया है। इससे मऊ वासियों ने राहत की सांस ली है।
आपको बता दें कि, मतदान के बाद से अब तक हुई ताबड़तोड़ अस्वाभाविक मौतों से पूरा मऊ गांव ही नहीं आसपास के गांव भी दहल उठे, अधिकतर मौतों का कारण जिनका लक्षण कोविड-19 से मिलता-जुलता था, इन मौतों की वजह से आम आदमी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा था। किंतु प्रशासन द्वारा इतनी मौतें होने के बावजूद कोई संज्ञान नहीं लिया गया था। इसी बात को लेकर एसके इंडिया न्यूज़ चैनल के प्रबंध संपादक शिवाकांत अवस्थी ने महराजगंज की उप जिला अधिकारी सविता यादव से फोन पर वार्ता की, और गांव की भयावह स्थिति के बारे में उन्हें अवगत कराया। युवा, तेजतर्रार कर्मठ उप जिलाधिकारी ने फौरन एक्शन लेते हुए अधीनस्थों को जमकर लताड़ लगाई। एसडीएम की डांट का यह असर रहा कि, सैनिटाइजेशन करने के लिए आज से मऊ गांव में टीमें पहुंच गई, और ताबड़तोड़ सैनिटाइजेशन, साफ सफाई का काम शुरू हो गया है। ग्रामीणों राजकुमार सिंह उर्फ मोंगा, दिलीप सिंह, राजेश कुमार शर्मा, भोलू सिंह, दुर्गेश शुक्ला, अंजनी कुमार गुप्ता आदि ने एसके इंडिया न्यूज़ चैनल के प्रबंध संपादक की सराहना करते हुए एसडीएम सविता यादव को साधुवाद दिया है।

0 टिप्पणियाँ